ETV Bharat / state

चंडीगढ़ सेक्टर-22 मोबाइल मार्केट की सड़कें बदहाल, बारिश में बढ़ी राहगीरों की परेशानी, पार्षद बोले- "सितंबर में होगा सुधार"

चंडीगढ़ सेक्टर-22 मोबाइल मार्केट की टूटी सड़कों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. वहीं, पार्षद ने सितंबर में मरम्मत का आश्वासन दिया है.

SECTOR 22 MOBILE MARKET CHANDIGARH
सेक्टर-22 मोबाइल मार्केट की सड़कें बदहाल, (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : August 17, 2026 at 5:23 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़: चंडीगढ़ सेक्टर-22 की मोबाइल मार्केट शहर ही नहीं, आसपास के राज्यों के लोगों के लिए भी मोबाइल और उससे जुड़ी सेवाओं का बड़ा केंद्र है. यहां दिनभर ग्राहकों की आवाजाही रहती है. मोबाइल खरीदने, रिपेयरिंग और एसेसरीज के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. हालांकि बाजार की बड़ी पहचान के बीच यहां की टूटी सड़कें और जगह-जगह बने गड्ढे लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं.

SECTOR 22 MOBILE MARKET CHANDIGARH
चंडीगढ़ सेक्टर-22 की सड़कें बदहाल (ETV Bharat)

गड्ढों से रोजाना गुजर रहे दुकानदार और ग्राहक: मार्केट की कई जगहों पर सड़क क्षतिग्रस्त है. लोगों को रोजाना गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है. दुकानदारों का कहना है कि बाजार में आने वाले ग्राहकों की संख्या को देखते हुए सड़क और पार्किंग की व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए.

SECTOR 22 MOBILE MARKET CHANDIGARH
चंडीगढ़ सेक्टर-22 मोबाइल मार्केट की सड़कें बदहाल (ETV Bharat)

बारिश में पानी भरने से नहीं दिखते गड्ढे: बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है. जगह-जगह पानी जमा होने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे पैदल चलने वालों और वाहन चालकों को परेशानी होती है. दुकानदारों के मुताबिक खराब सड़क के कारण कई बार यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है और जाम की स्थिति बन जाती है.

बारिश में बढ़ी राहगीरों की परेशानी (ETV Bharat)

दुकानदारों ने उठाए सवाल: मार्केट के दुकानदारों ने कहा कि, "यहां सड़क और पार्किंग की हालत बहुत खराब है. किसी भी तरह का मैनेजमेंट नजर नहीं आता. सफाई कर्मचारी भी सिर्फ दिखावे के लिए काम करते हैं. हमने कई बार पार्षद से इस समस्या को ठीक कराने की मांग की है. सड़क की हालत करीब दो महीने से खराब है, लेकिन अभी तक इसे ठीक नहीं किया गया. इसकी वजह से यहां रोजाना लंबा जाम लग जाता है और ग्राहकों को भी परेशानी होती है.”

पार्षद ने दिया आश्वासन: वहीं, सेक्टर-22 के पार्षद दमनप्रीत सिंह ने कहा कि, "पूरी सड़क पर पाइप डाली गई है. बारिश के चलते मरम्मत का काम फिलहाल रोका गया है. सितंबर के पहले सप्ताह में सड़क को ठीक कर दिया जाएगा. हमारे सफाई कर्मचारी सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक सफाई करते हैं. दुकानदार सुबह करीब 10 बजे दुकान की सफाई करने के बाद कूड़ा बाहर ही डाल देते हैं, जिसकी वजह से वह दिनभर वहीं पड़ा रहता है. इस वार्ड का पार्षद होने के नाते मैं हर मुद्दे से वाकिफ हूं. संबंधित कामों के टेंडर लग चुके हैं और उनका समय सितंबर महीने से शुरू होगा. इसके बाद सड़क की पूरी तरह मरम्मत करवाई जाएगी."

ये भी पढ़ें:जलभराव के बाद गुरुग्राम की सड़क पर चली नाव, विवाद बढ़ता देख कंपनी ने मांगी माफी