अंबिकापुर में पीलिया से दूसरी मौत, वार्ड में कैंप, नगर निगम का घेराव करेगी कांग्रेस
अंबिकापुर में पीलिया से 40 साल के व्यक्ति और 13 साल के बच्चे की मौत हुई है. जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 25, 2026 at 11:18 AM IST
|Updated : February 25, 2026 at 11:36 AM IST
सरगुजा: अंबिकापुर शहर के वार्डों में दूषित पेयजल से पीलिया फैल रहा है. हालात ये है कि पीलिया से दो लोगों की मौत हो गई है. जिसमें एक 13 साल का बच्चा और 40 साल का युवक शामिल है.
13 साल के बच्चे की पीलिया से मौत
शहर के नमनाकला खटिक पारा निवासी 13 वर्षीय छात्र की पीलिया से मौत हो गई. छात्र का नाम दिव्यांश है, जो शहर के निजी स्कूल में कक्षा 8वीं में पढ़ाई करता था. छात्र की 19 फरवरी से तबीयत खराब थी और उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां छात्र को पीलिया होने की पुष्टि हुई थी. बच्चे में पीलिया की पुष्टि होने के बाद और हालत गंभीर होने के बाद डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया था.
लेकिन बताया जा रहा है कि छात्र के परिजन उसे रायपुर ना लेकर मिशन अस्पताल ले जाकर इलाज कराने लगे. मिशन अस्पताल में भी छात्र की हालत में सुधार नहीं हुआ तो परिजन उसे लेकर शहर के एक अन्य निजी अस्पताल जा रहे थे इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई. छात्र की मौत के बाद परिजन उसे लेकर अंतिम संस्कार के लिए बनारस चले गए.
पीलिया से बच्चे समेत दो की मौत हुई है. वार्ड में कैंप लगाकर जांच करने के निर्देश दिए गए है. इसके साथ ही जानकारी एकत्रित की जा रही है- पीएस मार्को, सीएमएचओ
पूर्व डिप्टी सीएम ने पीलिया से बच्चे की मौत पर जताया दुख, निगम सरकार पर साधा निशाना
पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर अंबिकापुर में पीलिया से 13 वर्षीय छात्र की मौत पर दुख जताया है. उन्होंने लिखा-"हम पिछले कई हफ्तों से इस गंभीर स्वास्थ्य समस्या की ओर ध्यान दिला रहे थे, लेकिन स्थानीय प्रशासन की लापरवाही का नतीजा यह हुआ कि आज एक मासूम ज़िंदगी चली गई. 2-3 दिन पहले भी पीलिया से एक युवक की दर्दनाक मृत्यु हुई थी. यह साफ संकेत है कि हालात को हल्के में लिया गया. क्षेत्र की ट्रिपल इंजन सरकार की ज़िम्मेदारी बनती है कि वह जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करे. दुर्भाग्य से लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है - न रोकथाम की ठोस व्यवस्था है, न समय पर इलाज की समुचित पहुंच. जवाबदेही तय हो और गैर जिम्मेदार लोगों पर तत्काल कार्रवाई हो."
नमनाकला खटिकपारा, अंबिकापुर में पीलिया से 13 वर्षीय छात्र की मृत्यु का समाचार बेहद पीड़ादायक और अत्यंत चिंताजनक है। शोकाकुल परिवार के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ।
— T S Singhdeo (@TS_SinghDeo) February 24, 2026
हम पिछले कई हफ्तों से इस गंभीर स्वास्थ्य समस्या की ओर ध्यान दिला रहे थे, लेकिन स्थानीय प्रशासन की…
टीएस सिंहदेव ने मांग की कि अंबिकापुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के प्रभावित इलाकों में तुरंत व्यापक स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जाए. स्वच्छ पानी, जांच और उपचार की सुविधाएं हर जरूरतमंद तक जल्द से जल्द पहुंचाया जाए.
जनपद पारा में पीलिया से मौत
जनपद पारा निवासी 40 वर्षीय सोना लाल पीलिया की बीमारी से ग्रसित था. युवक की जांच नवापारा यूपीएचसी में की गई, जहां पीलिया की पुष्टि हुई थी. पीलिया से गंभीर युवक ने 22 फरवरी को दम तोड़ दिया.
मौसम बदलने के दौरान महीनेभर में लगभग 100 मरीज मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचते हैं. जिनमें से कई में पीलिया के लक्ष्ण पाए जाते हैं. 20 साल के युवक में भी पीलिया की पुष्टि के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है- शैलेंद्र गुप्ता, नोडल अधिकारी, महामारी नियंत्रण बोर्ड
पानी के सैंपल में ई कोलाई बैक्टीरिया की पुष्टि
पीलिया से दो मौतों के बाद अंबिकापुर नगर निगम में हड़कंप मच गया है. स्वास्थ्य विभाग से नवागढ़ पीएचसी की प्रभारी द्वारा कराए गए पानी सैम्पलिंग और जांच में मेडिकल कॉलेज के माइक्रो बायोलाजी विभाग के सैंपल में ई कोलाई बैक्टीरिया की पुष्टि हुई है. वहीं घुटरापारा क्षेत्र में भी पीलिया के कुछ केस मिलने की बात सामने आई है. मंगलवार को अंबिकापुर नगर निगम के मेयर ने वार्डों का निरीक्षण किया. मेयर ने इसे विपक्ष का षड़यंत्र बताया.
वार्ड में लगाया जा रहा मेडिकल कैंप
इधर घटना के बाद सीएमएचओ डॉ. पीएस मार्को ने वार्ड में कैंप लगाकर संभावित मरीजों की जांच करने के निर्देश दिए है. जिसके बाद बुधवार को वार्ड में शिविर लगाया जाएगा.
अंबिकापुर नगर निगम का घेराव करेगी कांग्रेस
पीलिया से 2 मौतों के बाद कांग्रेस ने निगम सरकार पर निशाना साधा. जिला कांग्रेस कमेटी आज नगर निगम भवन कार्यालय का घेराव करेगी. दोपहर 12:30 बजे कोठीघर में इकट्ठे होकर रैली के रूप में गौरव पथ स्थित नए निगम कार्यालय की ओर कूच किया जाएगा.

