पलामू गोलीकांड: जब्त होंगे दबंगों के हथियार, इलाके में तैनात की गई क्यूआरटी
पलामू पुलिस ने गोलीबारी घटना को लेकर सर्च अभियान शुरू किया है. अभियान के तहत दबंगों के हथियार जब्त किए जाएंगे.

Published : May 23, 2026 at 4:49 PM IST
पलामू: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर में जमीन विवाद में हुए गोलीकांड को लेकर पुलिस ने इलाके में बड़ा सर्च अभियान शुरू किया है. शुरुआत हथियारों की तलाशी से हुई है. इस दौरान इलाके में मौजूद सभी तरह के हथियार को जब्त किया जाएगा. रामपुर इलाके में क्यूआरटी को तैनात किया गया है.
दरअसल, शनिवार को रामपुर में जमीन विवाद को लेकर दबंगों ने अंधाधुंध फायरिंग की. घटना में रामपुर के रहने वाले सकेंद्र चौधरी की मौत हो गई. जबकि गांव के यशवंत कुमार, संजय चौधरी, मनु चौधरी घायल हैं. घटना के बाद पलामू एसपी कपिल चौधरी, डीएसपी राजेश यादव घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन शुरू की.
बताया जाता है कि रामपुर में एक विधवा महिला घर बना रही है. शनिवार को मंटू सिंह नाम के व्यक्ति के साथ कई लोग विधवा महिला के घर के पास पहुंचे और घर की दीवार को गिरा दिया. इसके साथ ही मौके पर मौजूद लोगों के साथ मारपीट भी की. घटना के बाद महिला के रिश्तेदारों एवं अन्य लोग मौके पर पहुंचकर आपस में बातचीत कर रहे थे कि इसी क्रम में आरोपी मौके पर पहुंचा और अंधाधुंध फायरिंग कर दी. फायरिंग में लाइसेंसी हथियार के साथ-साथ अवैध हथियार का भी इस्तेमाल हुआ है.
इलाके में मौजूद सभी तरह के हथियार को जब्त किया जाएगा. दबंगो को भी बख्शा नहीं जाएगा. इलाके में क्यूआरटी की तैनाती की गई है. आरोपियों के खिलाफ छापेमारी किया जा रहा है:- कपिल चौधरी, एसपी, पलामू
पहले भी ग्रामीणों के साथ हुई दबंगई: विधायक
घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक आलोक चौसरिया ग्रामीणों से मिलने के लिए अस्पताल पहुंचे और उनसे बातचीत की. विधायक आलोक चौरसिया ने कहा कि पहले भी गांव में दबंगों के द्वारा जमीन कब्जा करने की कोशिश की गई है और लोगों को परेशान किया गया है. रामपुर के इलाके में गरीबों को कई बार सताया गया है. पूरे मामले में पलामू जिला प्रशासन को सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है. पुलिस पूरे मामले में सख्ती बरते और सभी आरोपियों को गिरफ्तार करे.
ये भी पढ़ें: पलामू में जमीन विवाद में दबंगों ने की फायरिंग, एक की मौत, तीन घायल
बाइक सवार दंपती को ट्रैक्टर ने रौंदा, पति की मौत
नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म का आरोप, शिकायत पर परिवार को जान से मारने की धमकी

