कुरुक्षेत्र में 18 वर्षीय रोहित की दूसरे दिन भी तलाश जारी, नहर में नहाते समय डूबा था
उत्तर प्रदेश निवासी युवक कुरुक्षेत्र नानी के घर आया था. नरवाना ब्रांच नहर में नहाने के दौरान डूब गया. तलाश जारी है.

Published : June 29, 2026 at 4:01 PM IST
कुरुक्षेत्र: जिले की नरवाना ब्रांच नहर में लापता 18 वर्षीय युवक रोहित की तलाश दूसरे दिन भी जारी है. एसडीआरएफ की टीम ने पहले दिन पूरे दिन सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया. आज दूसरे दिन प्रसिद्ध गोताखोर प्रकट सिंह अपनी टीम के साथ सिलेंडर किट की मदद से सर्च अभियान चला रहे हैं.
2 महीने बाद होनी थी रोहित की शादीः बताया जा रहा है कि रोहित उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और स्कूल की छुट्टियां बिताने के लिए अपने मामा के घर आया हुआ था. वह करीब एक महीने से यहां रह रहा था. परिवार के अनुसार दो महीने बाद उसकी शादी भी होने वाली थी. जानकारी के मुताबिक, घटना कल सुबह करीब 11 बजे की है. रोहित कुरुक्षेत्र से कपड़े खरीदने के बाद नरवाना ब्रांच पहुंचा, जहां नहर में नहाने के लिए उतर गया. उसे तैरना नहीं आता था, जिसके चलते वह गहरे पानी में डूब गया.
गंदा पानी के कारण रेस्क्यू में मुश्किल: गोताखोर प्रकट सिंह ने बताया कि "उनकी संस्था वर्षों से निशुल्क मानव सेवा कर रही है. पुलिस और परिवार की सूचना पर उनकी टीम मौके पर पहुंची है और पूरी कोशिश की जा रही है कि जल्द से जल्द युवक का शव बरामद कर परिवार को सौंपा जा सके. उन्होंने कहा कि बरसात और गर्मी के मौसम में नहरों का पानी बेहद खतरनाक हो जाता है. गंदले (गंदा) पानी के कारण नीचे कुछ दिखाई नहीं देता, जिससे रेस्क्यू अभियान भी मुश्किल हो जाता है."

गहरे नहरों में नहाने की गलती न करें: प्रकट सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि "नदियों और नहरों में नहाने की गलती न करें. प्रशासन और पुलिस लगातार लोगों को जागरूक करती है, लेकिन इसके बावजूद कई युवक जान जोखिम में डालते हैं." उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही किसी परिवार की जिंदगी हमेशा के लिए बदल सकती है." वहीं रोहित के मामा ने बताया कि वह स्कूल की छुट्टियां मनाने उनके घर आया था और दो महीने बाद उसकी शादी तय थी.

