रेलवे प्रोजेक्ट साइट पर टिप्पर चालक की मौत के बाद प्रशासन सख्त, कंपनी दिए ये निर्देश
मेहला में लगातार दो हादसे हो चुके हैं. इन हादसों में दो चालकों की जान जा चुकी है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 7, 2026 at 2:50 PM IST
बिलासपुर: भानुपली-बेरी रेलवे प्रोजेक्ट के तहत मेहला में हुए टिप्पर हादसे में चालक की मौत के बाद प्रशासन सख्त हो गया है. शनिवार को एसडीएम स्तर की कमेटी ने एसडीएम स्वारघाट धर्मपाल चौधरी के नेतृत्व में हादसा स्थल का निरीक्षण कर रेलवे कंपनी को सड़क सुरक्षा से जुड़े अनिवार्य उपाय तय समय में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं.
कमेटी ने मेहला क्षेत्र में सड़क के ब्लैक स्पॉट, खतरनाक मोड़ों और चढ़ाई वाले हिस्सों का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की. निरीक्षण के दौरान रेलवे कंपनी के अधिकारियों को मौके पर ही सुरक्षा खामियां दूर करने के निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके. एसडीएम स्तर पर गठित कमेटी में नायब तहसीलदार स्वारघाट चतर सिंह रणौत, बीडीओ स्वारघाट विनय शर्मा, एआरटीओ विद्या देवी, एसडीओ पीडब्ल्यूडी दिनेश गुप्ता और पुलिस थाना स्वारघाट के अधिकारी शामिल रहे. वहींं, रेलवे कंपनी मैक्स इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड की ओर से प्रोजेक्ट मैनेजर मुरली और साइट इंचार्ज रणजीत निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे.
पहले भी सड़क सुरक्षा को लेकर दी गई थी हिदायत
एसडीएम धर्मपाल चौधरी ने बताया कि इससे पहले भी रेलवे कंपनी को सड़क सुरक्षा को लेकर आवश्यक हिदायतें दी गई थीं और जरूरी प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया था. उसी क्रम में शनिवार को टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है. कंपनी को बागछाल से मेहला सड़क की मरम्मत और सुरक्षा उपायों को 10 से 15 दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं. कमेटी ने सड़क पर अनिवार्य, चेतावनी और सूचनात्मक संकेत लगाने, खतरनाक मोड़ों पर मिरर लगाने, बैरिकेडिंग करने और बीच-बीच में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के निर्देश दिए हैं. जहां बिजली की व्यवस्था नहीं है, वहां प्रकाश की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है. इसके अलावा हादसा स्थल के पास बरसात से पहले सुरक्षा की दृष्टि से डंगा लगाने और अन्य तकनीकी उपाय अपनाने के निर्देश दिए गए हैं.
दो चालकों की हो चुकी है मौत
कमेटी ने बागछाल क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर भारी वाहनों को नियंत्रित तरीके से मेहला साइट की ओर भेजने की व्यवस्था करने के लिए भी कहा गया है, ताकि सड़क पर यातायात सुरक्षित रह सके. प्रशासन की ओर से एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट रेलवे कंपनी को सौंप दी जाएगी और कमेटी के सभी निर्देश लागू करना कंपनी के लिए अनिवार्य होगा. गौरतलब है कि मेहला में लगातार दो हादसे हो चुके हैं, जिनमें दो चालकों की जान जा चुकी है. हाल ही में 17 जनवरी की रात हुए हादसे में टिप्पर चालक की मौत हो गई थी. क्षेत्र में सड़क की तीखी चढ़ाई और तंग मार्ग को हादसों की मुख्य वजह माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें: PMGSY से बदली इस जिले की तस्वीर, सभी पंचायत मुख्यालय सड़क सुविधा से जुड़े

