मुजफ्फरनगर: किसान, नौजवान बचाओ यात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ता और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की
जैसे ही यात्रा कंपनी बाग पहुंची, जिला प्रशासन और पुलिस ने बिना अनुमति यात्रा निकालने का हवाला देते हुए इसे रोक दिया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 2, 2026 at 8:37 PM IST
मुजफ्फरनगर: केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा निकाली जा रही 21 दिवसीय “किसान नौजवान बचाओ यात्रा” शनिवार देर शाम मुजफ्फरनगर पहुंची, जहां कंपनी बाग पर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया.
इस यात्रा की शुरुआत सहारनपुर से हुई थी और यह मुजफ्फरनगर होते हुए मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, दिल्ली के रास्ते लखनऊ तक जाने वाली थी.
जैसे ही यात्रा कंपनी बाग पहुंची, जिला प्रशासन और पुलिस ने बिना अनुमति यात्रा निकालने का हवाला देते हुए इसे रोक दिया.
पुलिस की इस कार्रवाई से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया. मौके पर पहले से तैनात पुलिस बल ने यात्रा को चारों ओर से घेर लिया, जिससे तनाव की स्थिति पैदा हो गई.
इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक के बाद धक्का-मुक्की भी हुई.
हालात को काबू में करने के लिए तीन थानों की पुलिस टीम को मौके पर लगाया गया था.
पुलिस की सख्ती के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर ही बैठ गए और जोरदार नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया.
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रहा है और शांतिपूर्ण यात्रा को जबरन रोका गया है.
वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार की रैली या यात्रा निकालना नियमों के खिलाफ है, इसलिए कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया.
घटना के दौरान कंपनी बाग और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे आम लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई.
देर रात तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस प्रशासन ने हालात को नियंत्रित रखने का दावा किया है. धरने पर बैठे कांग्रेसियों पर मुजफ्फरनगर पुलिस प्रशासन निगाह बनाए हुए है.

