ETV Bharat / state

मुजफ्फरपुर में आग का तांडव, फैली दहशत, 12 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

मुजफ्फरपुर के कबाड़ गोदाम में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है. 12 दमकलों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

Muzaffarpur Fire Incident
मुजफ्फरपुर कबाड़ गोदाम में आग (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : June 25, 2026 at 1:35 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर के बैरिया गोलंबर के पास बुधवार देर रात एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते उसने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और आसपास के बड़े पेड़ भी जलने लगे. घटना के बाद आसपास के रिहायशी इलाकों में दहशत फैल गई.

मुजफ्फरपुर में कबाड़ दुकान में भीषण आग: जानकारी के मुताबिक बैरिया गोलंबर से चांदनी चौक पुल जाने वाले रास्ते पर धर्मकांटा के पास स्थित दो गोदामों में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और कबाड़ सामग्री रखी गई थी. बुधवार देर रात करीब 12:15 बजे अचानक इनमें आग लग गई. प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में आसमान काले धुएं से भर गया.

मुजफ्फरपुर कबाड़ गोदाम में आग (ETV Bharat)

कई मीटर दूर तक महसूस हुई गर्मी: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें इतनी तेज थी कि घटनास्थल से 50 से 60 मीटर दूर तक गर्मी महसूस की जा रही थी. हालात इतने गंभीर थे कि आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और कई परिवार सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए.

पांच मिनट में पहुंची फायर ब्रिगेड टीम: अग्निशमन पदाधिकारी आर.एन. पांडे ने बताया कि रात 12:20 बजे आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पांच मिनट के भीतर पहली फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंच गई. शुरुआत में पांच बड़ी और तीन छोटी दमकल गाड़ियों को लगाया गया, लेकिन आग पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका.

Muzaffarpur Fire Incident
12 दमकलों ने घंटों की मशक्कत के बाद काबू पाया (ETV Bharat)

मौके पर पहुंची एक दर्जन से ज्यादा दमकल की गाड़ियां: आग की गंभीरता को देखते हुए मोतीपुर से दो अतिरिक्त बड़ी दमकल की गाड़ियां बुलाई गई. साथ ही हाजीपुर और समस्तीपुर से भी अग्निशमन वाहन मंगवाए गए. कुल 12 दमकल की गाड़ियां मंगाई गई. स्थानीय लोगों के मुताबिक आग की चपेट में गोदाम के पास स्थित एक जेसीबी वर्कशॉप भी आ गया. इस दौरान वहां खड़ी तीन जेसीबी मशीनें जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं. हालांकि नुकसान का आधिकारिक आकलन जारी नहीं हुआ है.

"आग इतनी भीषण थी कुल 12 दमकल गाड़ियों की मदद से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद नियंत्रण पाया गया. घटना को देखते हुए हाजीपुर और समस्तीपुर से भी अग्निशमन वाहन मंगवाए गए."-आर.एन. पांडे, अग्निशमन पदाधिकारी

Muzaffarpur Fire Incident
मुजफ्फरपुर में आग का तांडव (ETV Bharat)

क्या कहते हैं एसपी?: घटना की सूचना मिलते ही पूर्वी एसडीएम तुषार कुमार, सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी और एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा सहित कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य की निगरानी करते रहे. सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम ने लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर किसी कारण की पुष्टि नहीं हुई है.

Muzaffarpur Fire Incident
कबाड़ गोदाम में लगी आग (ETV Bharat)

"फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है और स्थिति सामान्य हो रही है. प्रशासन आग से हुए नुकसान का आकलन कर रहा है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा."-मोहिबुल्लाह अंसारी, सिटी एसपी

ये भी पढ़ें-

पटना में बम की तरह फटा फ्रिज का कंप्रेसर, घर में लगी आग.. मां-बेटियां झुलसीं

मुजफ्फरपुर प्रसाद हॉस्पिटल अग्निकांड के बाद अब SKMCH में लगी आग, मची अफरा-तफरी

मुजफ्फरपुर अग्निकांड में हॉस्पिटल के प्रोपराइटर पर FIR! दिल्ली दौरा बीच में छोड़ लौटे स्वास्थ्य मंत्री निशांत