ETV Bharat / state

यूपी में कड़ाके की ठंड; लखनऊ-मेरठ-सीतापुर में 8 जनवरी तक बंद रहेंगे कक्षा 8 तक के स्कूल, प्रयागराज में 15 जनवरी तक छुट्टी

लखनऊ और मेरठ में कक्षा 9 से 12 तक के स्कूलों का समय बदलकर सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक कर दिया गया है.

स्कूलों में अवकाश घोषित.
स्कूलों में अवकाश घोषित. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 5, 2026 at 10:16 PM IST

|

Updated : January 5, 2026 at 11:15 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ/मेरठ/प्रयागराज : शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों के लिए बड़ी राहत दी है. लखनऊ जिलाधिकारी विशाख जी ने मौसम विभाग के पूर्वानुमान और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्कूलों को 8 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है. इस दौरान ऑनलाइन क्लास ली जा सकती है.

कक्षा 9 से 12 तक के स्कूलों का समय बदलकर सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक कर दिया गया है, यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू है. मेरठ में भी डीएम वीके सिंह ने नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है. कक्षा 9 से 12वीं तक के स्कूलों की टाइमिंग सुबह दस बजे से तीन बजे तक निर्धारित किया गया है. वहीं प्रयागराज में जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्कूलों की छुट्टियां 15 जनवरी तक बढ़ा दी है.

सीतापुर में भी डीएम ने कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में 8 जनवरी तक अवकाश घोषित किया है. सोनभद्र में बीएसए ने प्री प्राइमरी से 8वीं तक के सभी स्कूलों में 14 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश करने का आदेश जारी किया है.

लखनऊ डीएम के आदेशानुसार, लखनऊ के सभी बोर्डों के स्कूलों में प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक 8 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया गया है. यह आदेश सभी परिषदीय, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, निजी कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों और सहायता प्राप्त स्कूलों पर अनिवार्य रूप से लागू होगा.

​कक्षा 9 से 12वीं तक का समय बदला : ​कक्षा 9 से 12वीं तक के स्कूलों को बंद नहीं किया गया है, लेकिन उनके समय में बदलाव किया गया है. अब ये कक्षाएं सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक संचालित होंगी. देर से स्कूल शुरू होने से छात्रों को सुबह के घने कोहरे के दौरान यात्रा करने में आसानी होगी.

​ जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई स्कूल इस आदेश का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. स्कूल और अभिभावक आदेश की प्रमाणिकता जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट https://lucknow.nic.in पर चेक कर सकते हैं.

सोमवार को मेरठ का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री : मेरठ के जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि कक्षा 8 से 12वीं तक के सभी बोर्ड के स्कूलों में समय परिवर्तन किया जा रहा है. अब स्कूल टाइमिंग सुबह दस बजे तक तीन बजे तक रहेगी. हालांकि परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक कराई जाएंगी.

बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी का कहना है कि जिले के सभी संबंधित सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के जिम्मेदारों को मैसेज भेज दिया गया है. मेरठ में हालांकि सोमवार को धूप भी खिली, लेकिन तापमान अधिकतम 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.

यह भी पढ़ें : लद्दाख के वॉलीबॉल टीम के जज्बे की कहानी; नहीं मिली सरकारी मदद, खुद पैसों का किया इंतजाम, बोले- हम भी देश का नाम रोशन करना चाहते हैं

Last Updated : January 5, 2026 at 11:15 PM IST