उत्तराखंड के इस जिले में 2 दिनों तक स्कूलों में रहेगी छुट्टी, आदेश का पालन न करने पर होगी कार्रवाई
उधम सिंह नगर जिले में दो दिन घना कोहरा छाने की संभावना, आंगनबाड़ी केंद्र और 12वीं तक के स्कूल में छुट्टी के आदेश

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : December 29, 2025 at 10:12 PM IST
रुद्रपुर: उत्तराखंड में पहाड़ हो या मैदानी इलाका दोनों ही जगहों पर कड़ाके की ठंड पड़ रही है. मैदानी इलाकों में तो कोहरे की वजह से दिन के समय बमुश्किल सूरज नजर आ रहा है. इसके अलावा ठंड से कंपकंपी छूट रही है. उधम सिंह नगर में तो शीतलहर के चलते लोगों का जीना मुहाल हो गया है. मौसम विभाग ने यूएस नगर जिले में 30 और 31 दिसंबर को घना कोहरा छाने की संभावना जताई है. जिसके चलते जिलाधिकारी ने अगले दो दिन आंगनबाड़ी केंद्रों और 12वीं तक स्कूलों में अवकाश घोषित किया है.
उत्तराखंड के तराई में ठंड ने छुड़ाई कंपकंपी: उत्तर भारत के साथ अब उत्तराखंड के तराई में ठंड ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है. उधम सिंह नगर समेत तराई के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से कोहरे की सफेद चादर ओढ़ी हुई है. जिस कारण ठंड में इजाफा देखने को मिल रहा है.
उधम सिंह नगर जिले में 30 और 31 दिसंबर को स्कूलों में रहेगी छुट्टी: मौसम विभाग ने उधम सिंह नगर जिले में 30 और 31 दिसंबर को घना कोहरा लगने की आशंका व्यक्त की है. जिसको ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने मंगलवार और बुधवार को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र और 12वीं तक के स्कूल को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं.

अपने पत्र में जिलाधिकारी ने बताया कि मौसम विभाग केंद्र देहरादून में 30 और 31 दिसंबर को घना कोहरा लगने की संभावना जताई है. जिसके मद्देनजर शीतलहर के कारण स्कूल जाने वाले छात्र और छात्राओं का जीवन खतरे में पड़ सकता है. उन्होंने जिले के सभी तहसीलदारों और विभाग के अधिकारियों को अवकाश से जुड़े आदेश का पालन कड़ाई से कराने के निर्देश दिए हैं.
आदेश की अवहेलना करने पर होगी कार्रवाई: वहीं, आदेश की अवहेलना करने वाले संस्थानों के खिलाफ आपदा अधिनियम 2005 के तहत कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं. बता दें कि घने कोहरे के चलते जिलाधिकारी ने सोमवार यानी 29 दिसंबर को भी जिले में आंगनबाड़ी केंद्र और 12वी तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया था. अब 30 और 31 दिसंबर भी स्कूल बंद रहेंगे.
गौर हो कि दिसंबर का महीना गुजरने वाला है. पूरा दिसंबर महीना ड्राई रहा. न तो बारिश हुई ना ही बर्फबारी. जिससे उच्च हिमालय में पहाड़ बर्फ विहीन होने से काले नजर आ रहे हैं. कई जगहों पर तो सूखा होने से जंगल भी धधक रहे हैं. हालांकि, मौसम विभाग ने आने वाले समय में बारिश की संभावना जताई है, लेकिन दिसंबर महीना किसानों से लेकर पर्यटन व्यवसायियों को मायूस कर गया.
ये भी पढ़ें-

