ETV Bharat / state

छोटे बच्चों से भरी स्कूल वैन में लगी आग, चालक की तत्परता से टला हादसा

देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में वैन आग का गोला बन गई.

आग बुझाते दमकलकर्मी
आग बुझाते दमकलकर्मी (ETV Bharat Jhunjhunu)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : June 30, 2026 at 9:24 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

झुंझुनू : जिले के सिंघाना क्षेत्र में सुबह स्कूली बच्चों से भरी एक चलती वैन में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. वैन में 8 से 10 छोटे स्कूली बच्चे सवार थे. आग लगते ही चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. चालक की तत्परता के चलते बड़ा हादसा टल गया.

वैन ड्राइवर कैलाश चंद ने बताया कि वैन कॉपर क्षेत्र से सिंघाना की ओर एक निजी प्ले स्कूल के बच्चों को लेकर आ रही थी. कंचनिया की ढाणी के पास चलते-चलते वैन के गियर के पास में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में वैन आग का गोला बन गई. घटना की सूचना पर खेतड़ी और एचसीएल की दमकल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि, तब तक वैन पूरी तरह जल चुकी थी. घटना में सभी बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं.

यह बोले वैन ड्राइवर व प्रत्यक्षदर्शी. (ETV Bharat Jhunjhunu)

पढ़ें. जोधपुर में पिकअप ने मारी स्कूल बस को टक्कर, 13 छात्रों को आई चोटें

फायरमैन महेश चंद ने बताया कि उच्च अधिकारियों के जरिए सिंघाना क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिली, मौके पर पहुंचे तो स्कूली वैन गाड़ी में आग लगी हुई मिली. कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया गया, लेकिन गाड़ी पूरी तरह जल गई. गाड़ी में बैठे सभी बच्चे सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए हैं. घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में सिंघाना नगरपालिका में दमकल वाहन नहीं होने को लेकर आक्रोश देखने को मिला. ग्रामीण रामावतार सैनी का कहना है कि सिंघाना बड़ा कस्बा होने के बावजूद यहां दमकल की व्यवस्था नहीं है, जबकि क्षेत्र में समय-समय पर आगजनी की घटनाएं होती रहती हैं.