बीन और ड्रम बजाकर प्रशासन को जगाने की कोशिश, पेड़ को हटाने के लिए स्कूल प्रबंधन का अनोखा विरोध
पौड़ी गढ़वाल में स्कूल प्रबंधन ने पेड़ के आगे बीन और ड्रम बनाकर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 27, 2026 at 4:11 PM IST
पौड़ी गढ़वाल: शहर में एक खतरे वाले पेड़ को हटाने की मांग पर लेटलतीफी करने पर विद्यालय प्रबंधन ने अनोखे अंदाज में विरोध जताया. लंबे समय से वन विभाग और प्रशासन से लगातार पत्राचार के बावजूद कार्रवाई न होने से नाराज विद्यालय प्रबंधन ने पेड़ के सामने बीन और ड्रम बजाकर प्रशासन को नींद से जगाने का संदेश दिया. विरोध का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
दरअसल, पौड़ी शहर में एक निजी विद्यालय के जाने वाले मार्ग पर लंबे समय से एक पेड़ खड़ा है. विद्यालय प्रबंधन के मुताबिक, पेड़ काफी खतरनाक स्थिति में है और इससे विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों के साथ ही रोजाना इस मार्ग से आवाजाही करने वाले राहगीरों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है. बारिश और तेज हवाओं के दौरान पेड़ के गिरने की आशंका और बढ़ जाती है.
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि पेड़ को हटाने के लिए लंबे समय से वन विभाग और प्रशासन को पत्राचार के माध्यम से अवगत कराया जा रहा है. इसके बावजूद अब तक पेड़ को हटाने को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई. ऐसे में विद्यालय प्रबंधन ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए अनोखा तरीका अपनाया. विद्यालय के प्रधानाचार्य दामोदर ममगाईं पेड़ के समीप पहुंचे और वहां बीन बजाने के साथ ड्रम बजवाया.
जिस तरह भैंस के आगे बीन बजाने से कोई फायदा नहीं होता, उसी तरह लगातार शिकायत और पत्राचार के बावजूद जब समस्या का समाधान नहीं हो रहा है तो अब बीन और ड्रम बजाकर प्रशासन को नींद से जगाने का प्रयास किया जा रहा है. विद्यालय में बड़ी संख्या में बच्चे रोजाना इसी मार्ग से गुजरते हैं. ऐसे में किसी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते पेड़ को हटाया जाना जरूरी है.
-दामोदर ममगाईं, प्रधानाचार्य-
उधर स्कूल के कुछ शिक्षक और छात्र वन विभाग कार्यालय पहुंचे और अपनी नाराजगी जताई. छात्रों ने वन विभाग के अधिकारियों के समक्ष अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर करते हुए विद्यालय मार्ग पर मौजूद खतरे वाले पेड़ों को जल्द हटाने की मांग की. ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके.
विद्यालय मार्ग पर मौजूद खतरे वाले पेड़ों को चिन्हित कर लिया गया है. आगामी दो दिन के भीतर इन पेड़ों के कटान की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी. पेड़ों के कारण किसी भी व्यक्ति की सुरक्षा को खतरा न हो, इसके लिए वन विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
महातिम यादव, डीएफओ पौड़ी-
ये भी पढ़ें:

