नादौन-हमीरपुर फोरलेन पर कार में स्कूल प्रवक्ता का शव मिला, क्षेत्र में मची सनसनी
हमीरपुर में एक कार में संदिग्ध हालत में एक व्यक्ति लाश मिली. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 14, 2026 at 7:22 PM IST
हमीरपुर: नादौन-हमीरपुर फोरलेन पर भूम्पल गांव के पास सड़क किनारे खड़ी कार में एक स्कूल प्रवक्ता का संदिग्ध अवस्था में शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान व्यास देव शर्मा, निवासी गांव वाहानु, तहसील बलद्वाड़ा, जिला मंडी के रूप में हुई है. वह नादौन शहर में किराये के मकान में रहते थे और निकटवर्ती ज्वालामुखी क्षेत्र के मझीण स्कूल में रसायन विज्ञान प्रवक्ता के रूप में सेवाएं दे रहे थे.
डीएसपी रश्मि शर्मा ने बताया, "शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा. पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. पुलिस कार में शव मिलने की परिस्थितियों, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी. फिलहाल मौत के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच से मिलने वाली रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. मामले की जांच जारी है".
हमीरपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे व्यास देव शर्मा अपने घर से कार में नादौन के लिए निकले थे. इसके बाद भूम्पल गांव में सड़क किनारे उनकी कार खड़ी मिली. स्थानीय लोगों की नजर जब कार पर पड़ी तो अंदर व्यास देव शर्मा स्टीयरिंग पर सिर के बल एक तरफ झुके हुए दिखाई दिए. शुरुआत में लोगों को लगा कि वह शायद नींद में हैं, लेकिन काफी देर तक कोई हलचल न होने पर लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी.
सूचना मिलते ही एसआई पूर्ण भगत की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कार रात से ही उसी स्थान पर खड़ी थी. मामला संदिग्ध और गंभीर होने के कारण डीएसपी रश्मि शर्मा और नादौन थाना प्रभारी नाजर सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने कार और आसपास के क्षेत्र की जांच की और मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के बाद उनके परिजनों को भी मौके पर बुलाया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मंडी से फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया. फोरेंसिक टीम ने मृतक के परिजनों की मौजूदगी में मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीरपुर भेज दिया गया. पुलिस द्वारा घटनास्थल और कार से मिले साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है. बताया जा रहा है कि व्यास देव शर्मा नादौन में रहकर मझीण स्कूल में अपनी सेवाएं दे रहे थे. अचानक कार में उनका शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों, परिचितों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर है. हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई.
ये भी पढ़ें: पहले होटल ले जाकर महिला से किया रेप, फिर पीड़िता को उसके क्वाटर्र पर छोड़ा, घर में रखे ₹9 लाख भी साथ ले गया आरोपी

