सरकारी स्कूल की नन्हीं बहनों ने बांधी राखी, भावुक हुए रांची के DC मंजूनाथ भजंत्री, बोले- खूब पढ़ो और बड़ा मुकाम हासिल करो
रांची समाहरणालय में नन्हीं बच्चियों ने डीसी मंजूनाथ भजंत्री को राखी बांधी. राजेश कुमार सिंह की रिपोर्ट.

Published : August 27, 2026 at 8:46 PM IST
रांची: सरकारी स्कूल की नन्हीं बच्चियों के लिए रक्षाबंधन का दिन उस वक्त और भी खास हो गया, जब वे अपने जिला के डीसी को राखी बांधने पहुंचीं. रांची समाहरणालय में सामने आया यह पल सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि भाई-बहन के रिश्ते की भावनाओं से भर गया. बच्चियों के हाथों से राखी बंधवाते वक्त रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री भी भावुक नजर आए.
भैया की भूमिका में दिखे रांची के डीसी
रांची सिविल लाइन के पास मौजूद गवर्नमेंट मिडिल स्कूल की नन्हीं बच्चियां जब अपने डीसी भैया की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने पहुंचीं, तो माहौल में अपनापन साफ महसूस हुआ. राखी बांधने से पहले डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने बच्चियों से बेहद सहज अंदाज में पूछा कि क्या आप राखी की गिरह बांध पाएंगी? बच्चियों के लिए यह सवाल किसी बड़े अधिकारी का नहीं, बल्कि एक अपनेपन वाले भाई का सवाल जैसा लगा. राखी बांधने में स्कूल की एक बड़ी बच्ची ने भी सहयोग किया.
डीसी ने की बच्चियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना
रक्षा सूत्र बंधवाने के बाद डीसी ने बच्चियों को अपने हाथों से गिफ्ट पैकेट दिए. इसके साथ ही उन्होंने अपनी इन नन्हीं बहनों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं. इस दौरान डीसी की भावनाएं भी छलक उठीं उन्होंने कहा कि यह उनके लिए भावुक पल है.
बच्चियों को दिया पढ़ने और आगे बढ़ने का आशीर्वाद
मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि उनकी सबसे बड़ी कामना है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली ये बच्चियां खूब पढ़ें, आगे बढ़ें और जीवन में बड़े मुकाम हासिल करें. वे बड़े पदों पर पहुंचे, लेकिन इसके साथ ही एक अच्छे इंसान के रूप में भी अपनी पहचान बनाएं. बच्चियों के भविष्य को लेकर डीसी की यह भावना उस पल को और खास बना गई.
आज समाहरणालय ब्लॉक-ए के प्रांगण में गवर्नमेंट मिडिल स्कूल नवीन आरक्षी, रांची-1 की छात्राओं ने राखी (हैंड मेड ) बांधकर रक्षाबंधन के पावन पर्व को प्रशासनिक परिसर में जीवंत बना दिया।
— DC Ranchi (@DC_Ranchi) August 27, 2026
आत्मीयता से छात्राओं की राखी बांधवाई। बच्ची से व्यक्तिगत रूप से बातचीत करते हुए उन्हें उज्ज्वल… pic.twitter.com/eXNXLuNs2m
राखी के दौरान भावनात्मक जुड़ाव
इस मौके पर बच्चियों ने जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज को भी राखी बांधी. इस दौरान समाहरणालय में कुछ देर के लिए अधिकारी और कर्मचारी वाली औपचारिक दुनिया पीछे छूट गई और सामने रह गया भाई-बहन के रिश्ते का भावनात्मक जुड़ाव.
डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने बच्चियों को शुभकामना दी
राखी के धागे भले ही बेहद छोटे थे, लेकिन उनमें उम्मीदों का रिश्ता बड़ा था. नन्हीं बच्चियों ने अधिकारियों की कलाई पर सिर्फ रक्षा सूत्र नहीं बांधा, बल्कि अपनेपन और विश्वास की डोर भी बांधी. वही डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने भी इन बच्चियों के सपनों को अपनी शुभकामनाओं का सहारा दिया. रक्षाबंधन का यह भावुक पल यही संदेश दे गया कि पद और प्रोटोकॉल से परे इंसानियत और अपनापन ही रिश्तों को खास बनाता है.
ये भी पढ़ें- रक्षा बंधन पर सड़क सुरक्षा का अनूठा संदेशः छात्राओं ने वाहन चालकों को राखी बांध पढ़ाया ट्रैफिक नियम का पाठ
आज 9 अगस्त 2025 का पंचांग: भाद्रपद शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा पर मनाएं रक्षा बंधन, शुभ पहर का रखें ध्यान
स्कूली बच्चों ने 'ऑपरेशन सिंदूर' थीम पर बनाईं राखियां, सरहद पर तैनात सैनिकों को भेजी जाएंगी

