ETV Bharat / state

Rakshabandhan 2026: जयपुर- बाड़मेर में जवानों की कलाई पर सजी राखी, छात्राओं ने बांधा रक्षा सूत्र

छात्राओं ने अपने हाथों से बनाई राखियां सैनिक भाइयों की कलाई पर बांधीं और उन्हें देश की करोड़ों बहनों की शुभकामनाएं दी.

Rakshabandhan 2026
बाड़मेर में सैनिकों को राखी बांधती छात्राएं (ETV Bharat jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 27, 2026 at 5:07 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर/ बाड़मेर: भाई-बहन के अटूट स्नेह का पर्व रक्षाबंधन 28 अगस्त को देशभर में हर्षोल्लास से मनाया जाएगा. इससे पहले गुरुवार को जयपुर के आमेर में कुंडा के पास स्थित सीआईएसएफ की आठवीं बटालियन में रक्षाबंधन मनाया गया. स्कूली छात्राओं और ब्रह्मकुमारी बहनों ने जवानों की कलाई पर राखी बांधी. कमांडर वरिष्ठ कमांडेंट बीआर ढाका की अगुवाई में अधिकारियों और जवानों ने रक्षा सूत्र बंधवाए. कैंपस में उत्साह का माहौल रहा और बालिकाओं को उपहार भेंट किए गए. इसी प्रकार बाड़मेर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बांदरा की ढाणी की बालिकाओं ने जालीपा कैंट में सैनिकों को राखी बांधकर पर्व मनाया. बालिकाओं के हाथों से राखी बंधवाकर जवानों के चेहरे खुशी से खिल उठे.

राखी सुरक्षा, सम्मान और जिम्मेदारी का संदेश: जयपुर में ब्रह्मकुमारी रोजी बहन ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के जवान राष्ट्र की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. तिलक शांत स्वरूप का प्रतीक है और राखी रक्षा का प्रतीक है. जवानों की वजह से ही हम घरों में सुरक्षित हैं. यह पर्व ज्ञान और प्रेरणा भी देता है. वरिष्ठ कमांडेंट बीआर ढाका ने आठवीं आरक्षित वाहिनी की ओर से देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार भारतीय संस्कृति की सुंदर परंपराओं में से एक है, जो भाई-बहन के अटूट स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के वचन को दर्शाता है.

बाड़मेर में जवानों की कलाई पर सजी राखी (ETV Bharat Barmer)

पढ़ें: अनूठा रिश्ता : अफ्रीका, अमेरिका-कनाडा से भेजी गई बिहारी जी को राखी, 20 साल बाद पुत्र हुआ तो चढ़ाई पोशाक

बाड़मेर में छात्राओं ने जवानों को बांधी राखी: प्रधानाचार्य अनीता चौधरी ने बताया कि छात्राओं ने हाथ से बनाई राखियां सैनिक भाइयों की कलाई पर बांधीं और उन्हें एहसास कराया कि परिवार से दूर होने पर भी करोड़ों बहनों की शुभकामनाएं उनके साथ हैं. विद्यालय परिवार की ओर से सैनिकों के स्वास्थ्य और देश सेवा के लिए मंगलकामनाएं दी गईं. इस अवसर पर कई गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में बालिकाएं मौजूद रहीं. भारत विकास परिषद स्वामी विवेकानंद शाखा, बाड़मेर ने 'वीर सैनिकों को राखी भेजें' अभियान के तहत राखियां सीमाओं पर तैनात सैनिकों तक पहुंचाईं. शाखा अध्यक्ष जितेंद्र एस. बोथरा ने कहा कि राखी प्रेम, विश्वास, सम्मान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है.सैनिकों तक बहनों का स्नेह पहुंचाना गौरव की बात है. उन्होंने अभियान की प्रेरणा के लिए पोस्ट मास्टर राजेंद्र छाजेड़ का आभार जताया. छाजेड़ ने कहा कि सैनिक हमारे लिए सर्वस्व समर्पित करते हैं, उन्हें राखी भेजना सम्मान और कृतज्ञता का माध्यम है.