उत्तराखंड में इन जिलों में 9 जुलाई को बंद रहेंगे स्कूल, टिहरी में भूस्खलन से मकान ढहा
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, देहरादून-नैनीताल-उधम सिंह नगर जिले में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में रहेगी छुट्टी, टिहरी में भूस्खलन से दहशत

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : July 8, 2026 at 10:37 PM IST
देहरादून/नैनीताल/टिहरी: उत्तराखंड में मानसून की बारिश जमकर हो रही है. जिससे कई जगहों पर सड़कें बाधित हैं, तो कहीं नदी नाले उफनाए हुए हैं. मौसम विभाग की मानें तो 9 जुलाई को भी कुछ जिलों में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. जिसे देखते हुए देहरादून, नैनीताल, उधम सिंह नगर जिले में 9 जुलाई को स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे.
बता दें कि भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की घई गहै. इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती है. जिसे देखते हुए चेतावनी के तौर पर 9 जुलाई के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट किया गया है.
देहरादून जिले में स्कूल रहेंगे बंद: वहीं, भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए देहरादून जिलाधिकारी आशीष चौहान ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर 9 जुलाई यानी गुरुवार को कक्षा 1 से 12 वीं तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है. जिसका पालन सभी स्कूलों को करना होगा.

नैनीताल में स्कूलों में रहेगी छुट्टी: मौसम विज्ञान विभाग की ओर से 9 जुलाई के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद नैनीताल जिला प्रशासन ने भी बड़ा फैसला लिया है. भारी से बहुत भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी स्कूलों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है.
नैनीताल जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. मौसम विभाग के अनुसार जिले में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है.
इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने एहतियात के तौर पर 9 जुलाई यानी गुरुवार को जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया है. इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे.
उधम सिंह नगर में भी छुट्टी: भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी के बाद उधम सिंह नगर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 9 जुलाई को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है. जिला प्रशासन ने आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए हैं.
बरसात में इन बातों का रखें ध्यान-
- खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें.
- भूस्खलन संभावित जगहों पर जाने से बचें.
- नदी-नालों के किनारे न जाएं.
- मौसम विभाग व प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.
टिहरी के कद्दूखाल में लैंडस्लाइड, एक बिल्डिंग ढहा: टिहरी जिले में नेशनल हाईवे 707A पर कद्दूखाल में दुकानों के पास भूस्खलन हुआ है. जिससे एक पुरानी खाली बिल्डिंग को नुकसान हुआ है. हालांकि, एहतियात के तौर पर खतरे में पड़े दो रेस्टोरेंट, सड़क किनारे बने खोखे और मजदूरों के अस्थायी शेल्टर को पहले ही खाली करा लिया गया था. जिससे बड़े हादसे को टाल दिया गया.
बताया जा रहा है कि यह घटना किसी व्यक्ति की ओर से होटल बनाने के लिए की जा रही खुदाई की वजह से हुई. इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं हैं. वहीं, प्रशासन ने बरसात के दौरान गिरासू और कच्चे भवनों में न रहने की अपील की है.
ये भी पढ़ें-

