ETV Bharat / state

शिक्षक भर्ती परीक्षा का शेड्यूल जारी, 17 से 20 जनवरी में 7 शिफ्ट में होंगी परीक्षाएं

इस परीक्षा के जरिए 7759 पद भरे जाएंगे. इसमें लेवल वन के 5 हजार 636 और लेवल 2 के 2 हजार 123 पर शामिल हैं.

Rajasthan Staff Selection Board, Jaipur
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : December 31, 2025 at 9:52 AM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय अध्यापक सीधी भर्ती परीक्षा-2025 के तहत परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है. बोर्ड के अनुसार परीक्षाएं 17 जनवरी से 20 जनवरी 2026 के बीच सात शिफ्ट में होंगी. इनमें लेवल-1 और लेवल-2 के विभिन्न विषय शामिल हैं.

फोटो और पहचान को लेकर सख्ती :कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष मेजर जनरल आलोक राज ने बताया कि परीक्षा प्रवेश पत्र पर लगी फोटो यदि स्पष्ट या अपडेट नहीं पाई जाती है तो उसे परीक्षा केंद्र पर वेरीफाई किया जाएगा. फोटो और पहचान पत्र में मेल नहीं होने की स्थिति में परीक्षा में प्रवेश से रोका जा सकता है. उन्होंने बताया कि प्रवेश पत्र (Admit Card) केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से ही डाउनलोड किए जा सकेंगे. परीक्षा से जुड़ी सभी आधिकारिक सूचनाएं www.rssb.rajasthan.gov.in पर ही मान्य होंगी. उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी सूचना पर भरोसा न करने की अपील की.

पढ़ें:बेरोजगारों को अधूरी राहत: शिक्षकों के 7759 पदों पर होगी भर्ती, सामान्य शिक्षा में लेवल-2 का एक भी पद नहीं

चार दिन में सात पारियों में होने वाली भर्ती परीक्षा के जरिए कुल 7759 पद भरे जाएंगे. इसमें लेवल वन के 5 हजार 636 और लेवल 2 के 2 हजार 123 पर शामिल हैं. इस भर्ती परीक्षा में करीब 9.54 लाख अभ्यर्थी पंजीकृत हैं. इनके लिए कर्मचारी चयन बोर्ड 14 जिलों में परीक्षा केंद्र बना रहा है.

ये रहा अध्यापक भर्ती का पूरा शेड्यूल:

17 जनवरी 2026 (शुक्रवार)

  • प्राथमिक विद्यालय अध्यापक (लेवल-1)
  • समय सुबह 10:00 से दोपहर 12:30 बजे

18 जनवरी 2026 (शनिवार)

  • उच्च प्राथमिक (लेवल-2)-विज्ञान एवं गणित
  • सुबह 10:00 से 12:30 बजे
  • उच्च प्राथमिक (लेवल-2)-सामाजिक अध्ययन
  • दोपहर 3:00 से शाम 5:30 बजे

19 जनवरी 2026 (रविवार)

  • उच्च प्राथमिक (लेवल-2)–अंग्रेजी
  • सुबह 10:00 से 12:30 बजे
  • उच्च प्राथमिक (लेवल-2)–हिंदी
  • दोपहर 3:00 से शाम 5:30 बजे

20 जनवरी 2026 (सोमवार)

  • प्राथमिक विद्यालय अध्यापक–संस्कृत (लेवल-प्रथम)
  • सुबह 10:00 से 12:30 बजे
  • उच्च प्राथमिक–संस्कृत (लेवल-2)
  • दोपहर 3:00 से शाम 5:30 बजे

पढ़ें:वरिष्ठ शिक्षक भर्ती परीक्षा में पेपर लीक के आरोप, छात्रों का कहना- प्रश्न पत्र की पैकिंग खुली थी

ये रहेगा परीक्षा पैटर्न

  • सभी प्रश्न मल्टीपल चॉइस क्वेश्चन (MCQ) होंगे
  • प्रत्येक प्रश्न में 5 ऑप्शन (A, B, C, D, E) दिए जाएंगे
  • पहले चार विकल्प उत्तर से संबंधित होंगे, जबकि विकल्प 'E' का प्रश्न छोड़ने का होगा
  • कोई अभ्यर्थी कोई भी विकल्प नहीं भरता, तो उस प्रश्न के 1/3 अंक काटे जाएंगे
  • 10% या उससे ज्यादा प्रश्न बिना गोला भरे छोड़ने पर अभ्यर्थी को अयोग्य घोषित किया जा सकता है
  • उत्तर OMR शीट पर नीले बॉल पेन से ही भरने अनिवार्य होंगे

पढ़े:भर्ती परीक्षाओं में शिक्षकों की ड्यूटी बनी बोझ, हर रविवार 12-13 घंटे की मेहनत पर जताया विरोध

नकल पर जीरो टॉलरेंस :बोर्ड अध्यक्ष मेजर जनरल आलोक राज ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में नकल या अनुचित साधनों के उपयोग पर कठोर कार्रवाई होगी. अभ्यर्थी नकल कराने का झांसा देने वाले किसी भी गिरोह या व्यक्ति के बहकावे में न आएं और सोशल मीडिया पर चल रहे भ्रामक प्रचार पर भरोसा न करें. परीक्षा के दौरान नकल, फर्जीवाड़ा या किसी भी तरह की अनियमित गतिविधि में संलिप्तता पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी. ऐसे मामलों में 10 लाख से लेकर 10 करोड़ रुपए तक का भारी जुर्माना, 10 साल से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है, और दोषी अभ्यर्थी को भविष्य की परीक्षाओं से भी डिबार कर दिया जाएगा.

पढ़ें:शिक्षक भर्ती में भी धांधली, 2018 और 2022 की भर्ती में एसओजी ने 121 शिक्षकों पर दर्ज किया मुकदमा

3034 अभ्यर्थियों ने फॉर्म किया विड्रॉ: कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से जारी अध्यापक भर्ती-2025 में आवेदन वापस लेने वाले अभ्यर्थियों का विवरण भी सार्वजनिक किया गया है. बोर्ड अध्यक्ष मेजर जनरल आलोक राज ने बताया कि उच्च प्राथमिक विद्यालय अध्यापक (संस्कृत शिक्षा) लेवल-2 भर्ती में कुल 1918 अभ्यर्थियों ने अपने ऑनलाइन आवेदन विड्रॉ किए हैं, जबकि प्राथमिक विद्यालय अध्यापक (सामान्य/संस्कृत शिक्षा) लेवल-1 भर्ती में 1116 अभ्यर्थियों ने आवेदन वापस लिया है. इन सभी अभ्यर्थियों के आवेदन क्रमांक सूचीबद्ध कर दिए गए हैं. अब ये उम्मीदवार संबंधित शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ अभ्यर्थी आवेदन करने के बाद भी परीक्षा देने नहीं पहुंचते हैं. ऐसे अभ्यर्थियों के लिए बोर्ड ने सख्त दिशानिर्देश जारी किए. दो परीक्षाओं में अनुपस्थित रहने पर उनके अकाउंट फ्रीज करने और पेनल्टी का भी प्रावधान रखा है. अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार ही बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था करता है. ऐसे में अतिरिक्त संसाधनों का इस्तेमाल होता है. जिन अभ्यर्थियों ने समय रहते फॉर्म विड्रॉ किया है, वह स्वागत योग्य फैसला है.

पढ़ें: युवाओं ने प्रदर्शन कर उठाई फर्स्ट ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा को स्थगित करने की मांग