अमेठी: कैसा बेटी पढ़ाओ अभियान ? शोहदों से सहमी छात्रा; बदमाशों पर पुलिस के सॉफ़्ट होने का आरोप
जामो प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर गांव के ही तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 6:55 AM IST
|Updated : February 25, 2026 at 11:44 AM IST
अमेठी: इंटरमीडिएट की एक छात्रा छेड़छाड़ और धमकियों से ऐसी डर गई है कि उसने यूपी बोर्ड परीक्षा छोड़ने का मन बना लिया है. ऐसा इसलिए क्योंकि छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों का सिर्फ शांति भंग में चालान किया. अब आरोपी पीड़िता पर समझौते का दबाव बना रहे हैं.
इस प्रकरण में जामो प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने 18 फरवरी को गांव के ही तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है. मामले की विवेचना जारी है. आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
क्या है पूरा मामला: जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला जामो थाना क्षेत्र के एक गांव का है. यह गांव स्थानीय पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर है. इसके बावजूद शोहदों की हरकतें कम नहीं हो रही हैं.
पीड़िता की बड़ी बहन ने बताया कि यह लोग आए दिन छात्राओं को छेड़ते हैं. बहन ने आपबीती बताई, तब परिजन थाने पर शिकायत लेकर पहुंचे. पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया और दो आरोपियों का शांति भंग में चालान कर मामले को रफा-दफा कर दिया.
13 फरवरी को छेड़छाड़ की: बड़ी बहन ने बताया कि 13 फरवरी को मेरी बहन प्रवेश पत्र लेने गई थी. उस दिन यह लोग हद से ज्यादा परेशान करने लगे. रास्ते में उसको रोककर छेड़छाड़ की और उसका हाथ पकड़कर परेशान किया.
लड़की घर आई और रो-रोकर पूरी घटना बताई. उसके अंदर उन लोगों का इतना भय हो गया है कि पेपर देने के लिए तैयार नहीं थी. पीड़िता की बड़ी बहन ने बताया कि शिकायत के बाद यह लोग धमकी देते हैं कि सुलह कर लो, नहीं तो बहुत बुरा होगा.
उसने अपनी बहन की सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि हम यही चाहते हैं कि इनको ऐसी सजा मिले कि दुबारा किसी के साथ इस तरह हरकत न करें. गांव में यह सब लड़के घूमते रहते हैं. यह न पढ़ते हैं, न कमाने जाते हैं.

