ETV Bharat / state

फरीदाबाद में पहले फॉर्च्यूनर चुराई, फिर रस्सी से बांधकर ATM उखाड़ा, आरोपी अरेस्ट

हरियाणा के फरीदाबाद में बदमाशों ने पहले फॉर्च्यूनर गाड़ी चुराई और फिर उससे एसबीआई का एटीएम उखाड़कर ले गए.

SBI bank ATM uprooted using a stolen Fortuner in Faridabad
फरीदाबाद में एटीएम उखाड़ने वाले आरोपी अरेस्ट (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : August 18, 2026 at 8:33 PM IST

|

Updated : August 18, 2026 at 8:42 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद में अपराधी प्रवृत्ति के छह लोगों की गैंग ने पहले एक व्यक्ति के घर के बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ी चोरी की और फिर उसी चोरी की गाड़ी से SBI बैंक का ATM उखाड़कर ले गए. आरोपियों ने चोरी की गाड़ी का नंबर बदलकर पूरे दिन शहर में घूमकर रेकी की और रात में छांयसा गांव पहुंचकर ATM को निशाना बनाया. करीब 8.30 लाख रुपये कैश से भरे ATM को आरोपियों ने रस्सी की मदद से फॉर्च्यूनर से बांधकर उखाड़ लिया और धौज-पहाड़ी इलाके में ले जाकर उसे तोड़कर कैश निकाल लिया. इस पूरी वारदात के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

चोरी की गई फॉर्च्यूनर कार बरामद : क्राइम ब्रांच AVTS सिकरोना की टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गांव धौज निवासी मोहम्मद मोइन खान (24), मोसिम उर्फ बिल्ला (27) और मकसूद उर्फ काला (45) के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई फॉर्च्यूनर कार बरामद कर ली है. मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.ACP क्राइम अमन यादव ने बताया कि पूरी वारदात की शुरुआत 12 अगस्त 2026 को हुई. छह आरोपियों की गैंग सुबह के समय सेक्टर-16 पहुंची. यहां उन्होंने एक व्यक्ति के घर के बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ी को निशाना बनाया. आरोपियों ने गाड़ी का शीशा तोड़ा और उसे स्टार्ट कर चोरी कर लिया. फॉर्च्यूनर चोरी होने के संबंध में सेक्टर-16 निवासी अनूप गर्ग ने थाना सेक्टर-17 में FIR दर्ज कराई थी.

फरीदाबाद में पहले फॉर्च्यूनर चुराई, फिर रस्सी से बांधकर ATM उखाड़ा (ETV Bharat)

एटीएम चोरी करने की योजना बनाई : गाड़ी चोरी करने के बाद आरोपी फॉर्च्यूनर को लेकर धौज पहुंचे. यहां उन्होंने पुलिस से बचने के लिए गाड़ी की नंबर प्लेट बदल दी और उस पर किसी दूसरी गाड़ी की नंबर प्लेट लगा दी. इसके बाद आरोपी चोरी की फॉर्च्यूनर लेकर पूरे दिन फरीदाबाद शहर में अलग-अलग स्थानों पर घूमते रहे. इसी दौरान आरोपियों ने ATM चोरी करने की योजना बनाई. रात होने पर आरोपी फॉर्च्यूनर लेकर छांयसा गांव की तरफ निकल गए. घूमते हुए उन्हें गांव के मोड़ पर SBI बैंक का ATM दिखाई दिया. आरोपियों ने ATM को देखकर उसे उखाड़कर ले जाने की योजना बनाई. पुलिस के अनुसार ATM में उस समय करीब 8.30 लाख रुपये कैश मौजूद था. रात करीब 1 से 2 बजे के बीच आरोपियों ने फॉर्च्यूनर को ATM के सामने खड़ा किया और रस्सी/बेल्ट की मदद से ATM को गाड़ी से बांध दिया.

एटीएम को ज़मीन से उखाड़ा : इसके बाद आरोपियों ने फॉर्च्यूनर को खींचकर ATM को जमीन से उखाड़ लिया. ATM को उखाड़ने के बाद उसे फॉर्च्यूनर की डिग्गी में रख दिया गया. आरोपियों ने ATM के साथ लगे इन्वर्टर, बैटरी और कैमरे भी निकाल लिए. इसके बाद सभी आरोपी ATM लेकर धौज-पहाड़ी इलाके की तरफ चले गए. धौज-पहाड़ी इलाके में पहुंचने के बाद आरोपियों ने उसी रात ATM को तोड़ दिया और उसके अंदर रखा कैश निकाल लिया. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की.

आरोपी अरेस्ट : क्राइम ब्रांच AVTS सिकरोना और भूपानी की टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू की. पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी सहायता और गुप्त सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों को ट्रैक किया. लगातार जांच के बाद पुलिस टीम ने 17 अगस्त 2026 को थाना धौज क्षेत्र से मोहम्मद मोइन खान, मोसिम उर्फ बिल्ला और मकसूद उर्फ काला को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई फॉर्च्यूनर बरामद की गई है. पुलिस के मुताबिक मोहम्मद मोइन खान के खिलाफ आर्म्स एक्ट, चोरी और जुआ अधिनियम के तहत तीन मामले दर्ज हैं. मोसिम उर्फ बिल्ला के खिलाफ मारपीट का एक मामला दर्ज है. वहीं मकसूद उर्फ काला के खिलाफ लूट, जुआ अधिनियम सहित चार मामले दर्ज हैं. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और ATM से निकाले गए कैश के संबंध में जांच कर रही है.

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App

ये भी पढ़ें : राजस्थान की 2 सगी बहनों ने की थी ATM से छेड़छाड़, पेचकस से कैश शटर तोड़ा, धारूहेड़ा पुलिस ने किया गिरफ्तार

ये भी पढ़ें : दिनदहाड़े ATM में घुसीं दो लड़कियां, एक ने पेचकस चलाया तो दूसरी देती रही पहरा, CCTV में कैद वारदात

ये भी पढ़ें : सोनीपत में ATM लूट, गैस कटर से मशीन काटकर 20.17 लाख रुपये लेकर फरार बदमाश

Last Updated : August 18, 2026 at 8:42 PM IST