ETV Bharat / state

सतना में 6 बच्चों को HIV संक्रमित ब्लड चढ़ाने के मामले में एक्शन, ब्लड बैंक इंचार्ज सहित 3 सस्पेंड

सतना में 6 मासूम के HIV पॉजिटिव मामले में सरकार की कार्रवाई, ब्लड बैंक प्रभारी सहित तीन को किया सस्पेंड, पूर्व सिविल सर्जन को नोटिस जारी.

SATNA hiv case 3 suspended
सतना में 6 मासूम के HIV पॉजिटिव केस में बड़ी कार्रवाई (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : December 19, 2025 at 10:30 AM IST

|

Updated : December 19, 2025 at 11:10 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सतना: सतना जिले में थैलेसीमिया से पीड़ित 6 मासूम बच्चों को संक्रमित रक्त चढ़ाने के मामले में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने कड़ी कार्रवाई की गई है. राज्य सरकार ने ब्लड बैंक प्रभारी सहित दो लैब टेक्नीशियन को निलंबित किया है. यह कार्रवाई सीईओ आयुष्मान भारत डॉ. योगेश भरसट की अध्यक्षता में गठित सात सदस्यीय जांच समिति की प्राथमिक जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है.

6 बच्चों को चढ़ाया एचआईवी संक्रमित ब्लड
मध्य प्रदेश के सतना जिले के सरदार वल्लभभाई पटेल जिला चिकित्सालय में थैलेसीमिया के 6 मासूम बच्चों को एचआईवी संक्रमित ब्लड चढ़ा दिया था. जिसके बाद से हड़कंप मच गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने डॉ योगेश भरसट (CEO आयुष्मान भारत) की अध्यक्षता में 7 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था. टीम की प्राथमिक जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते ब्लड बैंक के प्रभारी और दो लैब तकनीशियन को निलंबित कर दिया है. जिसमें ब्लड बैंक प्रभारी डॉ देवेंद्र पटेल पैथोलॉजिस्ट, लैब टेक्नीशियन रामभाई त्रिपाठी एवं नंदलाल पांडेय शामिल हैं.

SATNA BLOOD BANK IN CHARGE SUSPEND
ब्लड की अवैध दलाली करने वाले 3 लोग गिरफ्तार (ETV Bharat)

पूर्व सिविल सर्जन को कारण बताओ नोटिस
इसके अतिरिक्त, जिला चिकित्सालय सतना के पूर्व सिविल सर्जन डॉ. मनोज शुक्ला को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है. नोटिस में स्पष्टीकरण समाधान न होने पर कड़ी से कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी. एक दिन पहले पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ब्लड की अवैध दलाली करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों रजनीश साहू, मो. सैफ और अनिल गुप्ता को गिरफ्तार किया था.

इस मामले में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा, ''घटना सामने आने के बाद जांच के लिए राज्य स्तरीय कमेटी गठित की गई थी. शुरुआती जांच के बाद कार्रवाई की है. हमने तीन लोगों को सस्पेंड कर दिया है.''

कांग्रेस ने सरकार पर लगाए आरोप
सतना जिला अस्पताल में 6 मासूम बच्चों को एचआईवी पॉजिटिव ब्लड चढ़ाए जाने के बाद कांग्रेस ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं. कांग्रेस विधायक जयवर्द्धन सिंह और डॉ. विक्रांत भूरिया ने प्रेस कॉन्फ्रेस कर आरोप लगाया कि, "सरकार ने थैलीसिमिया पीड़ित बच्चों के एचआईवी पॉजिटिव ब्लड चढ़ाए जाने का मामला पिछले कई महीने दबाए रखा." कांग्रेस का आरोप था कि, प्रदेश के आधे से ज्यादा सरकारी अस्पतालों में जल्दी रिपोर्ट के लिए ब्लड की स्क्रीनिंग रैपिड टेस्ट की जा रही है. जबकि इसके ऑटोमेटिड टेस्ट होने चाहिए.

4 माह पुराना मामला दबाए रखा: पूर्व विधायक
यह मामला उजागर होने के बाद बुधवार को स्टेट ड्रग स्टैंडर्ड कंट्रोल अथॉरिटी की 7 सदस्यों की टीम सतना के जिला अस्पताल के ब्लड बैंक पहुंची थी. टीम ने इस मामले में ब्लड बैंक के प्रभारी एवं पैथोलॉजिस्ट डॉ. देवेंद्र पटेल से पूछताछ की थी. जानकारी लगने पर रैगांव विधानसभा की पूर्व विधायक कल्पना वर्मा भी जिला अस्पताल पहुंची थीं. उन्होंने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर कई तरह के सवाल खड़े किए थे. उन्होंने आरोप लगाया था कि यह 4 माह पुराना मामला है लेकिन सरकार ने दबाए रखा.

Last Updated : December 19, 2025 at 11:10 AM IST