सतना जिला अस्पताल में खून के दलाल, साढ़े 4 हजार में एक यूनिट ब्लड, SDM ने दबोचा
सतना जिला अस्पताल में ब्लड माफिया बेलगाम. खून की दलाली में लिप्त 3 लोगों को एसडीएम ने पकड़ा.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : December 18, 2025 at 5:14 PM IST
|Updated : December 19, 2025 at 11:17 AM IST
सतना : सतना जिला चिकित्सालय में 6 बच्चों को एचआईवी संक्रमित ब्लड चढ़ाने के मामले से हड़कंप है. अब एक और मामला सामने आया है. एसडीएम ने अस्पताल के बाहर मंडरा रहे खून की दलाली के आरोप में 3 लोगों को रंगे हाथ पकड़ा है. खून के दलालों को पकड़ने के लिए एसडीएम ने खुद व्यूहरचना रची.
एसडीएम ने खुद बनाई रणनीति
एसडीएम राहुल सिलाडिया ने ब्लड के दलालों को पकड़ने के लिए रणनीति बनाई. इसके तहत एसडीएम ने नोट के नंबर को लिख लिया और खुद वीडियो में कैद कर उसी नोट को देकर एक व्यक्ति को दलाल तक पहुंचाया, जहां से ब्लड के लिए नोट लेते हुए रंगे हाथों एक युवक को पकड़ा गया. इसके बाद दो अन्य युवकों को पकड़ा गया, तीनों दलालों को कोतवाली थाने भेजा गया.
एसडीएम ने जीपीएस लोकेशन के साथ बनाया वीडियो
पकड़े गए तीनों खून की दलाली करने के आरोपी हैं रजनीश साहू, मो. सैफ और अनिल गुप्ता. एसडीएम राहुल सिलाडिया ने बताया "उन्होंने एक व्यक्ति को ब्लड लेने के लिए तैयार किया और अपने मोबाइल फोन में वीडियो बनाया, जिसमें 500 रुपए के 7 नोट, 200 रुपए के 4 नोट, 100 रुपए के 2 नोट रखे गए. ये वीडियो मोबाइल के जीपीएस लोकेशन के साथ बनाया गया. इसके बाद एक व्यक्ति को ये पूरे नोट दिए."
चाय ठेले पर ब्लड के दलाल से डीलिंग
रणनीति के अनुसार जिला अस्पताल के बाहर चाय का ठेला लगाने वाले एक दुकानदार के पास एसडीएम ने उस आदमी को भेजा. उससे ब्लड की बात की गई. तब उसे चाय के ठेले वाले युवक द्वारा संबंधित व्यक्ति को कहा गया कि 4500 रुपए एक यूनिट ब्लड के लगेंगे. इसके बाद डील फिक्स हुई. फिर वह व्यक्ति एसडीएम द्वारा दिए गए नोट को चाय के ठेले पर रत्नेश साहू को देता है. रत्नेश साहू वह नोट अपने पास रख लेता है.
इस प्रकार पकड़ में आए तीनों आरोपी
इसी दौरान एसडीएम राहुल सिलाडिया और टीआई सिटी कोतवाली रावेंद्र द्विवेदी चाय के ठेले वाले व्यक्ति को रंगे हाथ पकड़ लेते हैं. उसके पास से वे नोट बरामद कर लिए जाते हैं. युवक को पकड़कर कोतवाली थाने भेज दिया जाता है. वहीं दूसरा युवक मोहम्मद सैफ को भी एसडीएम और पुलिस ने पकड़ लिया. तीसरा आरोपी भी जिला अस्पताल के अंदर कैंटीन में काम करने वाले अनिल गुप्ता पकड़ा गया.
- 6 मासूम बच्चों के HIV पॉजिटिव मामले में जांच शुरू, स्टेट ड्रग स्टैंडर्ड कंट्रोल की टीम पहुंची सतना
- सतना संक्रमित ब्लड मामले में जांच कमेटी गठित, डिप्टी सीएम ने बताया चूहों से कैसे निपटेगी सरकार
ब्लड दलाली के नेटवर्क की तलाशी
ब्लड की दलाली करने के आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. एसडीएम राहुल सिलाडिया ने बताया "इस मामले की गहराई से जांच की जाएगी. अगर कोई भी व्यक्ति ब्लड बैंक का इसमें सामने आता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी."

