विकास कार्यों के लिए फंड नहीं मिलने पर बस्तर में सरपंच संघ आग बबूला, 34 सरपंचों ने दी सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी
बस्तर में सरपंच संघ ने सामूहिक इस्तीफे का अल्टीमेटम दिया है. कुल 34 पंचायतों के सरपंच इस्तीफे की बात कह रहे हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 22, 2026 at 6:47 PM IST
जगदलपुर: बास्तानार जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं होने से सरपंचों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है. सरपंच संघ ने प्रशासन और सरकार पर पंचायतों की उपेक्षा का आरोप लगाया है. सरपंच संघ ने आरोप लगाते हुए कहा है कि पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद से अब तक विकास कार्यों के लिए जरूरी फंड जारी नहीं किया गया है. इसके कारण गांवों में बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शुरू नहीं हो पा रहे हैं. इस वजह से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. आगामी दिनों में धरना प्रदर्शन किया जाएगा और सामूहिक इस्तीफे की ओर आगे बढ़ा जाएगा.
गांव में कई विकास कार्य प्रभावित
सरपंच चंद्रशेखर ठाकुर ने बताया कि पंचायतों में सड़क, पुलिया और सामुदायिक भवन जैसे आवश्यक निर्माण कार्य लंबे समय से लंबित हैं. संघ की मांग है कि प्रत्येक ग्राम पंचायतों में कम से कम तीन प्रमुख विकास कार्यों को तत्काल स्वीकृति दी जाए. इनमें 300 मीटर सीसी रोड का निर्माण, 3 मीटर की पुलिया और 5 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण शामिल है. इन कार्यों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों को सीधा लाभ मिलेगा.
अपनी मांगों को लेकर हम पहले भी आंदोलन कर चुके हैं. चक्का जाम जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया गया था. इसके बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है. लगातार अनदेखी से पंचायत प्रतिनिधियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है. हमारे सब्र का बांध टूट रहा है-चंद्रशेखर ठाकुर, सरपंच
सरपंच संघ ने प्रशासन को दी चेतावनी
विकास के लिए फंड नहीं जारी होने पर सरपंच संघ ने प्रशासन को एक महीने का समय दिया है. सरपंच संघ ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द की सकारात्मक फैसला नहीं लिया जाता है तो वे आंदोलन को मजबूर होंगे. अगले महीने 5 से 10 तारीख के बीच जनपद पंचायत कार्यालय के सामने विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में बास्तानार जनपद की सभी 34 ग्राम पंचायतों के सरपंच सामूहिक रूप से अपने पदों से इस्तीफा देने के लिए बाध्य होंगे.

