नए साल पर सरिस्का ने बढ़ाया अलवर का मान, हजारों पर्यटकों ने की सफारी
पर्यटकों में सरिस्का भ्रमण का इतना उत्साह था कि दोपहर 12 बजे से ही अधिकांश सैलानी सफारी शुरू होने का इंतजार करने लगे.

Published : January 1, 2026 at 7:52 PM IST
|Updated : January 1, 2026 at 8:32 PM IST
अलवर: नव वर्ष 2026 पर टाइगर रिजर्व सरिस्का पर्यटकों से गुलजार रहा. बड़ी संख्या में देशी और विदेशी सैलानी नया साल मनाने सरिस्का पहुंचे और सफारी का आनंद लिया. एक जनवरी को सुबह व दोपहर की सफारी में जिप्सी व कैंटर पूरी क्षमता से भरे रहे और एक हजार से ज्यादा पर्यटकों ने सरिस्का भ्रमण किया. नए साल पर पर्यटकों का हुजूम उमड़ने के कारण सरिस्का के आसपास के ज्यादातर होटल व रिसॉर्ट्स में 'नो रूम' की स्थिति रही.
नए साल के पहले दिन सुबह कोहरा, फुहारों के साथ कड़ाके की सर्दी होने के बावजूद सफारी के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक सरिस्का टाइगर रिजर्व के स्वागत कक्ष पर पहुंचे. कोहरे के चलते रोशनी कम रही, लेकिन सभी जिप्सी व कैंटर भरकर सफारी के लिए रवाना हुए. इस कारण सरिस्का के सदर व टहला गेट पर पर्यटकों की चहल-पहल रही. पर्यटकों ने तेज सर्दी के बावजूद जंगल में घूमकर आनंद लिया. हालांकि सर्दी के चलते सुबह के समय वन्यजीव कम दिखाई दिए. पर्यटकों में सरिस्का भ्रमण और बाघ देखने का इतना उत्साह था कि दोपहर 12 बजे से ही अधिकांश सैलानी सफारी शुरू होने का इंतजार करने लगे. सुबह की तुलना में दोपहर की सफारी के लिए पर्यटकों की संख्या अधिक रही.
सरिस्का के रेंजर हेमेंद्र सिंह ने बताया कि नए साल 2026 के पहले दिन सरिस्का बाघ परियोजना पर्यटकों से गुलजार रहा. उन्होंने बताया कि इन दिनों सरिस्का में प्रतिदिन करीब एक हजार पर्यटक पहुंच रहे हैं. नव वर्ष पर सरिस्का में पर्यटकों के प्रवाह को देखते हुए स्वागत कक्ष पर टिकट विंडो भी बढ़ाई गई हैं. अभी सरिस्का के स्वागत कक्ष पर तीन विंडो संचालित हैं. रेंजर सिंह ने बताया कि सरिस्का में सफारी का आनंद लेने वाले पर्यटकों को पिछले दिनों में बाघों की अच्छी साइटिंग हुई है. कई बाघ-बाघिन पर्यटकों को लुभाते दिखे.
होटल व रिसॉर्ट भी पर्यटकों से भरे: नए साल पर सरिस्का के आसपास ज्यादातर होटल और रिसॉर्ट पूरी तरह बुक हैं. इस कारण होटल व रिसॉर्ट में भी सैलानियों की चहल-पहल दिखाई पड़ रही है. होटल संचालक दिनेश दुर्रानी का कहना है कि नए साल पर सरिस्का घूमने को लेकर पर्यटकों में उत्साह है. बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटकों की मौजूदगी से होटल और रिसॉर्ट्स में चहल-पहल बढ़ गई है.

