सरगुजा में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ बच्चों की मुहिम, रैपर इकट्ठा कर कंपनी को भेजते हैं, 75 हजार हस्ताक्षर वाला पत्र PM को भेजेंगे
निजी स्कूल के बच्चे 10 साल से ये जागरूकता अभियान चला रहे है. उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक को पृथ्वी के लिए 'मॉन्स्टर' बताया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 5, 2026 at 6:51 PM IST
सरगुजा: जिले में एक स्कूल के बच्चे पिछले 10 वर्षों से सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं. ये बच्चे अपने स्कूल और शहर में लोगों को प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के बारे में समझा रहे हैं. इस बार भी सोमवार को एक रैली निकाली गई. जिसमें पीएम को भेजने वाले पत्र के लिए 75 हजार हस्ताक्षर लोगों से लिए गए. अब वो पत्र देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजा जाएगा.
300 बच्चों ने निकाली जागरूकता रैली: आज स्कूल के करीब 300 बच्चे अपनी मुहिम को लेकर शहर की सड़कों पर रैली के रूप में निकले. रैली में प्लास्टिक से होने वाले नुकसान को झांकियों के माध्यम से दिखाया गया. घड़ी चौक पर बच्चों ने नुक्कड़ नाटक कर बताया कि प्लास्टिक एक “मॉन्स्टर” की तरह हमारे जीवन और पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहा है.
सिंगल यूज प्लास्टिक बंद करने की मांग: बच्चों ने सिंगल यूज प्लास्टिक बंद करने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया. इस अभियान के तहत 75 हजार लोगों के हस्ताक्षर पूरे किए गए हैं. अब यह पत्र देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजा जाएगा.
प्लास्टिक रैपर कंपनियों को लौटाते हैं बच्चे: ये बच्चे साल भर अपने पास मिलने वाले प्लास्टिक रैपर इकट्ठा करते हैं. साल के अंत में वे इन्हें उसी कंपनी को गिफ्ट पैक बनाकर भेज देते हैं, जिनके ये रैपर होते हैं. इस अनोखी पहल की सराहना खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर चुके हैं और उन्होंने इसे अपने ट्विटर हैंडल पर साझा किया था.
पीएम की तारीफ से बढ़ा उत्साह: प्रधानमंत्री की सराहना के बाद बच्चों का उत्साह और बढ़ गया. पिछले साल भी बच्चों ने रैली निकालकर शहरवासियों को जागरूक किया था. इस साल उन्होंने एक नया कदम उठाते हुए पूरे शहर से हस्ताक्षर जुटाकर देशभर में प्लास्टिक उपयोग बंद करने की अपील की है.

सभी दलों के नेता हुए शामिल: इस अभियान की खास बात यह रही कि स्कूल के निमंत्रण पर शहर के कई गणमान्य नागरिकों के साथ भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के बड़े नेता भी शामिल हुए. सभी ने एक स्वर में सिंगल यूज प्लास्टिक का उत्पादन बंद करने पर सहमति जताई और प्रधानमंत्री से इसे पूरी तरह बंद करने की अपील की.
सिंगल यूज प्लास्टिक रैपर को बैन करने का अभियान छेड़ा है. रैली के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि प्लास्टिक कैसे सबको नुकसान पहुंचा रहा है. शहर के लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है और 75 हजार हस्ताक्षर पूरे हो चुके हैं.- गर्ल्स विंग की प्रेसिडेंट अन्वेषा सिन्हा
बच्चों ने इस अभियान के लिए बहुत मेहनत की है. गर्मी की छुट्टियों में भी बच्चे रोज स्कूल आकर तैयारी करते हैं. इस मुहिम में शिक्षकों का भी बड़ा योगदान है, जो बच्चों को लगातार प्रेरित करते हैं.- प्रिंसिपल डॉ. सिस्टर जेस्सी
अब पीएम के फैसले का इंतजार: फिलहाल बच्चों का हस्ताक्षर अभियान पूरा हो चुका है और जल्द ही 75 हजार हस्ताक्षरों वाला पत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचेगा. अब देखना होगा कि प्रधानमंत्री बच्चों की इस अपील पर क्या कदम उठाते हैं, क्योंकि इस मांग के साथ सरगुजा के भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के नेता भी खड़े हैं.

