ETV Bharat / state

कानपुर में 4 से 6 जनवरी तक सरस आजीविका मेला; 60 स्वयं सहायता समूहों के प्रोडक्ट्स को मिलेगा मंच

कानपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आयोजन में शहर से 20 और 5 जिलों के 40 स्वयं सहायता समूह हिस्सा लेंगे.

सरस आजीविका मेला.
सरस आजीविका मेला. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 3, 2026 at 8:11 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कानपुर: राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत सरस आजीविका मेला-2026 का आयोजन किया जाएगा. 4 से 6 जनवरी तक यह आयोजन मोतीझील में होगा. इसमें 60 स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं के प्रोडक्ट्स प्रदर्शित किए जाएंगे. आयोजन का मकसद समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं को उनके उत्पादों की मार्केटिंग और सेलिंग के लिए मंच उपलब्ध कराना है.

मेले का उद्घाटन 4 जनवरी को दोपहर 1 बजे होगा. सरस आजीविका मेले में कानपुर मंडल के ग्रामीण क्षेत्रों से चयनित स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं भाग लेंगी. मेले में सौंदर्य प्रसाधन, सुगंधित उत्पाद, पारंपरिक परिधान और वस्त्र संग्रह, घरेलू उपयोग की सामग्री और मसालों के स्टाल लगेंगे.

साथ ही पारंपरिक हस्तकला के उत्पाद, लेदर उत्पाद, जैविक पौधे, कृषि उत्पाद, स्वच्छता सामग्री, पूजन-हवन के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे. ग्रामीण महिलाओं द्वारा हाथों से तैयार किए उत्पाद न केवल उनके कौशल को दर्शाते हैं, बल्कि स्वदेशी परंपरा और स्थानीय पहचान को भी मजबूत करते हैं.

60 स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों का प्रदर्शन: डीएम कानपुर जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस आयोजन में शहर से 20 स्वयं सहायता समूह हिस्सा लेंगे. कानपुर मंडल के अन्य 5 जिलों से 40 स्वयं सहायता समूह प्रतिभाग करेंगे.

इस प्रकार कुल 60 स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री करेंगी. यह मेला ग्रामीण आजीविका संवर्धन के साथ महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

महिला उत्पादों का बाजार से जुड़ाव: मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने कहा कि लोग अधिक से अधिक संख्या में सरस आजीविका मेले में पहुंचकर स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करें.

उन्होंने कहा ऐसे आयोजनों से ग्रामीण महिलाओं का न केवल बाजार से सीधा जुड़ाव मिलता है, बल्कि उनके आत्मविश्वास और स्वावलंबन को भी नई दिशा मिलती है. इस आयोजन से उनके उत्पाद कानपुर सहित अन्य शहरों तक पहुंच सकेंगे.

यह भी पढ़ें: प्रयागराज में माघ मेला शुरू, भोर से ही उमड़े कल्पवासी, 25 लाख से ज्यादा भक्त कर सकते हैं स्नान