ETV Bharat / state

पलामू में सड़क हादसे में सैप जवान की मौत, पुलिस लाइन में दी गई सलामी

पलामू में सड़क दुर्घटना में सैप जवान की मौत हो गई है.

SAP jawan died in Palamu
पलामू पुलिस लाइन में शोक सलामी देते पुलिस पदाधिकारी. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : March 3, 2026 at 7:10 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रिपोर्ट-नीरज कुमार.

पलामूः सड़क हादसे में सैप जवान मनोज पांडेय की मौत हो गई है. मनोज पांडेय पलामू के सदर थाना क्षेत्र बड़कागांव के रहने वाले थे. मनोज पांडेय बड़कागांव में होलिका दहन कार्यक्रम के समापन के बाद बाइक से रेडमा श्रीराम पथ स्थित अपने घर लौट रहे थे. इसी क्रम में सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा में उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस हादसे में मनोज पांडेय की मौत हो गई.

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक पोखराहा में बने स्पीड ब्रेकर के कारण मनोज पांडेय सड़क हादसे का शिकार हुए हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया.

पोस्टमार्टम के बाद पलामू पुलिस लाइन में शोक सलामी दी गई. सलामी में सार्जेन्ट मेजर सुरेश राम, टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार, सूबेदार मेजर जुरेन्द्र सोय, पुलिस मेंस एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विक्रांत दुबे , सचिव लालू उरांव समेत कई लोग मौजूद थे. पुलिस मेंस एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विक्रांत दुबे ने बताया कि सड़क हादसे में मनोज पांडेय का निधन हुआ है. पुलिस लाइन में उन्हें सलामी दी गई है.

मनोज पांडेय सेना से रिटायर होने के बाद सैप में भर्ती हुए थे. इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं परिजन मौके पर पहुंच गए. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. स्थानीय ग्रामीण स्पीड ब्रेकर को लेकर सवाल उठा रहे हैं और ग्रामीणों का कहना है कि ब्रेकर के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं.