कोरिया में संकल्प बजट 2026 का जोरदार स्वागत, भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
कोरिया जिले में संकल्प बजट 2026–27 से उत्साहित बीजेपी कार्यकर्ता ने बजट की प्रमुख घोषणाओं को घर-घर तक पहुंचाने का निर्णय लिया है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 25, 2026 at 1:29 PM IST
कोरिया: संकल्प बजट 2026–27 के ऐलान के साथ ही कोरिया जिले में उत्साह का माहौल देखने को मिला. जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित भाजपा कार्यालय में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर और आतिशबाजी कर बजट का स्वागत किया. मंगलवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे और बजट को जनहितैषी और विकासोन्मुखी बताया.
"जन-जन की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला बजट"
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संकल्प बजट 2026–27 देश और प्रदेश के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है. उन्होंने बजट को “जन-जन की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला” बताते हुए कहा कि इसमें किसान, युवा, महिला, व्यापारी और मध्यम वर्ग सहित समाज के हर वर्ग के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है.
"बजट से कोरिया सहित पूरे प्रदेश को लाभ मिलने का दावा"
देवेंद्र तिवारी ने कहा कि यह बजट ‘विकसित छत्तीसगढ़ 2047’ के लक्ष्य को साकार करने की मजबूत आधारशिला रखता है. उन्होंने वित्त मंत्री ओपी चौधरी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है. उन्होंने दावा किया कि बजट में बुनियादी ढांचे के विकास, रोजगार सृजन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विशेष फोकस दिया गया है, जिससे कोरिया सहित पूरे प्रदेश को लाभ मिलेगा.

"महिला सशक्तिकरण का बजट"
इस मौके पर महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष दीपा विश्वकर्मा ने बजट को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया. उन्होंने कहा कि सरकार ने महिला उद्यमिता, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को सशक्त बनाने का संकल्प लिया है, जिससे महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ेगी और आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा. दीपा विश्वकर्मा ने कहा कि यह बजट महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा.

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया. ‘भारत माता की जय’ और ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के नारों के साथ पूरे परिसर में जश्न का माहौल रहा. पार्टी पदाधिकारियों ने इसे विकास, सुशासन और जनविश्वास का बजट बताते हुए आमजन तक इसकी विशेषताओं को पहुंचाने का संकल्प लिया.अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और बजट की प्रमुख घोषणाओं को घर-घर तक पहुंचाने का निर्णय लिया.


