ETV Bharat / state

निर्माणाधीन घर की छत से ईंट गिरने के कारण 14 वर्षीय बच्चे की मौत, मकान मालिक गिरफ्तार

घटना के बाद मृतक की मां ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर सवाल उठाए हैं. पुलिस की जांच फिलहाल जारी है.

TANISH KAUSHAL DEATH SHIMLA
छात्र तनिष कौशल (@TANISHKAUSHAL)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : May 10, 2026 at 6:08 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. निर्माणाधीन भवन से गिरी ईंट लगने से गंभीर रूप से घायल हुए 14 वर्षीय छात्र तनिष कौशल ने 11 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद आखिरकार दम तोड़ दिया. रविवार सुबह आईजीएमसी शिमला में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है, वहीं परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

स्कूल से लौटते समय हुआ था हादसा

यह हादसा 29 अप्रैल को संजौली इलाके में हुआ था. 9वीं कक्षा में पढ़ने वाला तनिष कौशल स्कूल से घर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में एक निर्माणाधीन भवन के पास से गुजरते समय ऊपर से अचानक ईंट गिर गई, जो सीधे उसके सिर पर आ लगी. ईंट लगते ही तनिष गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चे को आईजीएमसी शिमला पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आईसीयू में भर्ती कर लिया था. तब से लगातार उसका इलाज चल रहा था.

11 दिन तक ICU में चला इलाज

परिजनों के अनुसार तनिष की हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी. डॉक्टर लगातार उसे बचाने की कोशिश कर रहे थे. बच्चे के पिता पवन कुमार ने बताया कि बेटे की जान बचाने के लिए 11 यूनिट खून भी चढ़ाया गया. परिवार को उम्मीद थी कि तनिष जल्द ठीक होकर घर लौट आएगा, लेकिन रविवार सुबह उसने अंतिम सांस ली. आईजीएमसी आपातकालीन विभाग के सीएमओ डॉ. महेश ने छात्र की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्चा सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण ICU में भर्ती था और रविवार सुबह उसकी मौत हो गई.

परिजनों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना के बाद मृतक की मां ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर सवाल उठाए हैं. परिवार का आरोप है कि भवन निर्माण कार्य के दौरान राहगीरों की सुरक्षा के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई थी. अगर निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता तो शायद उनका बेटा आज जिंदा होता. तनिष अपने परिवार के साथ संजौली के समिट्री इलाके में रहता था. उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

पुलिस ने भवन मालिक को किया गिरफ्तार

उधर, शिमला पुलिस ने छात्र की मौत के बाद भवन मालिक को गिरफ्तार कर किया है. पुलिस ने पहले ही छात्र की मां की शिकायत पर संजौली थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी. पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया था. अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वहीं, स्थानीय लोगों ने भी इस घटना के बाद निर्माण स्थलों पर सुरक्षा नियमों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं. लोगों का कहना है कि प्रशासन को ऐसे निर्माण कार्यों की नियमित जांच करनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे दोबारा न हों.

ये भी पढ़ें: सड़कों पर बेसहारा पशुओं को लेकर अनोखा विरोध, सड़क के बीचों-बीच लेट किया प्रदर्शन

ये भी पढ़ें: शिमला नगर निगम डिप्टी कंट्रोलर मौत मामला, पुलिस को मिला सुसाइड नोट, परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग