ETV Bharat / state

'हिमाचल में भ्रष्ट सरकार के कारण रुका विकास', RDG के मुद्दे पर संजय टंडन ने सुक्खू सरकार को घेरा

टंडन ने दावा किया कि हिमाचल के पिछड़ने का मुख्य कारण राज्य की मौजूदा सरकार है.

Sanjay Tandon on Sukhu Government
RDG के मुद्दे पर संजय टंडन ने सुक्खू सरकार को घेरा (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 11, 2026 at 10:02 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के सह-प्रभारी संजय टंडन ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को राजस्व घाटा अनुदान (RDG) और प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर घेरा. टंडन ने कहा कि हिमाचल और उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां समान हैं, लेकिन विकास की रफ्तार में बड़ा अंतर है. उनके अनुसार इस अंतर की वजह हिमाचल में कथित भ्रष्ट और वित्तीय कुप्रबंधन वाली सरकार है.

RDG और आर्थिक स्थिति पर सवाल

संजय टंडन ने कहा कि मुख्यमंत्री को जनता को गुमराह करने से बचना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन के कारण प्रदेश की आर्थिक स्थिति कमजोर हुई है. उन्होंने कहा कि अधिकारियों के माध्यम से प्रेजेंटेशन देने के बजाय मुख्यमंत्री को खुद सामने आकर सच्चाई बतानी चाहिए. टंडन ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार विभिन्न योजनाओं के तहत 90:10 के अनुपात में हिमाचल की सहायता कर रही है.

हिमाचल-उत्तराखंड की भौगोलिक स्थिति एक जैसी

टंडन ने हिमाचल की तुलना उत्तराखंड से करते हुए कहा कि दोनों राज्यों की भौगोलिक स्थिति लगभग एक जैसी है, फिर भी उत्तराखंड विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है. उन्होंने दावा किया कि हिमाचल के पिछड़ने का मुख्य कारण राज्य की मौजूदा सरकार है. उन्होंने कहा कि जनता को वास्तविक स्थिति से अवगत कराना जरूरी है.

केंद्र सरकार के बजट को बताया आत्मनिर्भर

टंडन ने कहा कि केंद्र सरकार का बजट आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने वाला है. उनके अनुसार बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा गया है और पिछले 11 वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है. उन्होंने कहा कि भारत 2 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था से आगे बढ़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरे स्थान की ओर बढ़ रहा है.

टंडन ने कहा कि एनपीए 11 प्रतिशत से घटकर 2 प्रतिशत से नीचे आ गया है और नेट एनपीए 1 प्रतिशत से कम है. उन्होंने दावा किया कि भारत आज दुनिया में 40 प्रतिशत से अधिक डिजिटल भुगतान अकेले कर रहा है और यूपीआई वैश्विक स्तर पर पहचान बना चुका है. उन्होंने कहा कि भारत एफडीआई, सोलर एनर्जी, डेटा सेंटर और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में अग्रणी देशों में शामिल है. मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में भी भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर पहुंच चुका है. टंडन ने कांग्रेस पर संसद में चर्चा से भागने और केवल शोर मचाने का आरोप लगाया.

ये भी पढ़ें: हिमाचल में सरकारी नौकरी को लेकर सस्पेंस खत्म, दिल्ली से लौटने के बाद CM सुक्खू ने कह दी बड़ी बात