ETV Bharat / state

हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 3 दिन और बढ़ी, सरकार को 2 सितंबर तक अल्टीमेटम

हरियाणा वासियों के लिए बुरी खबर है. राज्य में जारी सफाईकर्मियों की हड़ताल को 3 दिन और बढ़ा दिया गया है.

MUNICIPAL EMPLOYEES STRIKE
हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : August 30, 2026 at 8:14 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रोहतक: प्रदेश भर में सफाई कर्मचारियों और अग्निशन कर्मचारियों की हड़ताल 3 दिन और बढ़ गई है. इन कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार को 2 सितंबर तक अल्टीमेटम दिया है. 31 अगस्त को पुलिस दमन के खिलाफ प्रदेश भर में मशाल जूलूस निकाला जाएगा. यह निर्णय रविवार को रोहतक के कर्मचारी भवन में हुई नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की बैठक में लिया गया.

13 सितंबर को राज्य स्तरीय न्याय पंचायतः बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री ने की. बैठक में यह भी तय हुआ कि 5 और 6 सितंबर को हरियाणा सरकार के मंत्रियों के घर जाकर सवाल पूछे जाएंग. 10,11 व 12 सितंबर को सभी जिलों में जन पंयायत होगी. जबकि 13 सितंबर को कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय न्याय पंचायत की जाएगी.

हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 3 दिन और बढ़ी, (ETV Bharat)

नियमित भर्ती नहीं होने से कर्मचारियों में रोषः बैठक के दौरान प्रदेश सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया गया और कहा गया कि 13 मई को हुए समझौते के बावजूद मांगों को लागू करने के आदेश जारी नहीं किए जा रहे हैं. सरकार सफाई कर्मचारियों, सीवर कर्मचारियों तथा फायरमैन-ड्राइवरों को पक्का करने, सफाई एवं सीवर कार्य का ठेका समाप्त करने और नियमित भर्ती समेत कई मांगों पर वादा पूरा नहीं कर रही है. जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है.

सरकार पर हठधर्मिता का आरोपः संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि "भाजपा ने वर्ष 2014 में वादा किया था कि सफाई कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा. लेकिन अब भाजपा सरकार अपना वादा भूल गई." उन्होंने कहा कि " सफाई कर्मचारी, ठेका प्रथा का शिकार हैं." उन्होंने कहा कि "सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को जनता का समर्थन हासिल है लेकिन सरकार हठधर्मिता कर रही है. यही नहीं हड़ताल को खत्म करने की साजिश भी रची जा रही है." शास्त्री ने 16 फरवरी को फरीदाबाद में एक कैमिकल फैक्ट्री में विस्फोट व आगजनी के दौरान श्रमिकों व नागरिकों को बचाते हुए मारे गए फायर विभाग के कर्मचारी भवीचंद शर्मा और रणबीर सिंह के परिजनों को 50-50 लाख रुपए मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिए जाने की मांग की.

ये भी पढ़ें-सिरसा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से बिगड़े हालात, जगह-जगह कूड़े का अंबार