देवघर में हरिहर मिलन की तैयारी के बीच शहर में कूड़े का अंबार, निगम की सफाई व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
देवघर में हरिहर मिलन की तैयारी के बीच सफाई व्यवस्था नगर निगम के लिए चुनौती बनती जा रही है.

Published : March 1, 2026 at 6:27 PM IST
रिपोर्ट-हितेश कुमार
देवघर:झारखंड की प्रमुख धार्मिक नगरी देवघर में होली के अवसर पर हरिहर मिलन का आयोजन किया जाता है. इसको लेकर तैयारियां चल रही हैं, लेकिन नगर निगम की तैयारियां आधी-अधूरी नजर आ रही हैं. देवघर में जगह-जगह कूड़े का अंबार लगा है. वहीं शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है.
ऐसे तो देवघर में सालोंभर देशभर से श्रद्धालुओं के आने-जाने का सिलसिला जारी रहता है, लेकिन हरिहर मिलन परंपरा को निभाने के लिए बिहार के सहरसा, मधेपुरा, दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर जैसे जिलों से हर साल हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. श्रद्धालु देवघर में एक-दो दिन ठहरते हैं. इसके कारण शहर की आबादी में रोजाना लगभग 15 से 20 हजार लोगों की अतिरिक्त बढ़ोतरी हो रही है.
मंदिर के आसपास पर कूड़े का अंबार
ऐसे खास अवसर पर देवघर शहर की सफाई व्यवस्था बड़ी चुनौती बनती जा रही है. मंदिर क्षेत्र के आसपास और शहर के कई इलाकों में कूड़े का अंबार लगा है. इस कारण बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है. लगों का कहना है कि प्रमुख शहर होने के बावजूद यहां कचरे का निस्तारण सही ढंग से नहीं हो रहा है.
स्थानीय लोगोंं में कुव्यवस्था को लेकर नाराजगी
इस संबंध में स्थानीय बमबम सिंह बताते हैं कि शिवरात्रि के तुरंत बाद हरिहर मिलन की तैयारी शुरू हो जाती है. पिछले एक महीने से लगातार 10 से 20 हजार अतिरिक्त लोग शहर में रह रहे हैं. स्वाभाविक है कि जब भीड़ बढ़ेगी तो दबाव भी बढ़ेगा और सफाई व्यवस्था पर इसका असर दिखेगा, लेकिन नगर निगम को इस दिशा में पहल करने की जरूरत है.
वहीं स्थानीय दीपक ठाकुर का कहना है कि भीड़ के साथ गंदगी भी बढ़ना स्वाभाविक है, लेकिन जरूरत इस बात की है कि नगर निगम अपने सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाए. खासकर होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे के नियमित निस्तारण की व्यवस्था करे, ताकि शहर की छवि खराब न हो.
सफाई व्यवस्था को लेकर निगम गंभीरः नगर आयुक्त
इस संबंध में नगर आयुक्त रोहित सिन्हा ने कहा कि होली को ध्यान में रखते हुए पूरे शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है. मंदिर क्षेत्र में जहां भी कूड़ा जमा है, उसके त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने बताया कि होली के दौरान क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया गया है, ताकि स्थानीय लोग तुरंत संपर्क कर सकें और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके. इसके अलावा शहर के विभिन्न हिस्सों में पानी के टैंकर भी लगाए गए हैं, जिससे रंगों के त्योहार में पानी की किल्लत न हो.
अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन और निगम की यह तैयारी होली के दौरान कितनी कारगर साबित होती है. क्या स्थानीय लोगों और बाहर से आए श्रद्धालुओं को राहत मिल पाएगी या फिर आस्था के इस सैलाब के बीच सफाई व्यवस्था फिर सवालों के घेरे में रहेगी.
ये भी पढ़ें-
देवघर सदर अस्पताल परिसर में कूड़े का अंबार, मरीजों को सता रहा संक्रमण का खतरा
बसंत पंचमी के पहले देवघर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, शहर में गंदगी का अंबार
देवघर के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधा पर उठे सवाल, बंद हैं आयुष्मान आरोग्य मंदिर

