ETV Bharat / state

बच्चे ने रोकी चंदन तस्करों की कुल्हाड़ी, 'कत्ल' होने से बचाए कई पेड़

बिलासपुर में लगातार चंदन तस्करी की घटनाएं बढ़ रही है. दो दिनों के भीतर एक बार फिर दनोह में चंदन के पेड़ काटे गए.

कटे हुए चंदन के पेड़
कटे हुए चंदन के पेड़ (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 13, 2026 at 1:04 PM IST

|

Updated : February 13, 2026 at 1:13 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बिलासपुर: जिला में इन दिनों चंदन तस्करों का आतंक है. एक माह के भीतर तीसरी बार चंदन के पेड़ काटने का मामला सामने आया है. हालांकि तस्कर इस बार पेड़ काटकर अपने साथ ले जाने में कामयाब नहीं हो सके और कटे हुए पेड़ों को छोड़कर फरार हो गए.

दरअसल दनोह क्षेत्र में बीती देर रात कुछ अज्ञात लोग चोरी की नीयत से चंदन के पेड़ काटने के लिए पहुंचे, लेकिन एक बच्चे की सूझबूझ और सतर्कता के कारण कई पेड़ कटने से बच गए. बच्चे के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए. प्राप्त जानकारी के अनुसार दनोह गांव में देर रात कुछ लोग खेतों और निजी भूमि के पास पहुंचे. इसी दौरान पास के घर में पढ़ाई कर रहे एक बच्चे को आरी चलने जैसी आवाज सुनाई दी. पहले तो उसने इसे सामान्य समझा, लेकिन आवाज लगातार आने पर उसे शक हुआ, जब बच्चे ने खिड़की से बाहर झांककर देखा तो कुछ संदिग्ध लोग पेड़ों के पास हरकत करते दिखाई दिए. स्थिति को भांपते हुए बच्चे ने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया और परिजनों को आवाज दी.

चंदन के कटे हुए पेड़
चंदन के कटे हुए पेड़ (ETV Bharat)

शोर सुनकर भागे आरोपी

बच्चे की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए. ग्रामीणों की हलचल बढ़ती देख तस्कर मौके से भाग खड़े हुए और कटे हुए पेड़ छोड़कर फरार हो गए. एक बार फिर तस्करों की इस हरकत से क्षेत्र में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि दनोह क्षेत्र में पहले भी चंदन के पेड़ों की अवैध कटाई की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. ऐसे में लगातार हो रही इन घटनाओं से लोगों में रोष है.

पहले भी कट चुके हैं चंदन के पेड़

10 फरवरी की रात को ही दनोह गांव में तस्कर सफेद चंदन के 11 पेड़ काटकर ले गए थे. इसके साथ ही कई पेड़ों पर कुल्हाड़ी के निशाने मिले थे. 25 जनवरी को बिलासपुर में उपायुक्त कार्यालय से कुछ ही दूरी पर चंदन के पेड़ कटे थे. इससे पहले भी कंदरौर स्कूल परिसर, बिलासपुर कॉलेज के प्रांगण से सफेद चंदन के पेड़ काटकर तस्कर ले जा चुके हैं.

लगातार कट रहे चंदन के पेड़

बिलासपुर में चंदन तस्करों का आतंक है. लगातार पेड़ काटे जा रहे हैं, लेकिन न वन विभाग और न ही पुलिस इन तस्करों को पकड़ पा रही है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में रात के समय गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए. ग्रामीणों ने वन विभाग और पुलिस प्रशासन से आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. फिलहाल इस घटना के बाद ग्रामीण सतर्क हो गए हैं और रात के समय स्वयं भी निगरानी रखने की बात कह रहे हैं. डीएफओ बिलासपुर राजीव कुमार ने बताया कि चंदन के पेड़ गांव में काटे गए हैं. चोरों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. जल्द ही इनका पता लगाया जाएगा.

ये भी पढ़ें: फिर लाखों के चंदन के पेड़ों पर चली कुल्हाड़ी, रात को कर दिया पूरा सफाया

Last Updated : February 13, 2026 at 1:13 PM IST