ETV Bharat / state

5111 दीपों की रोशनी से जगमगाया आमेर, महाआरती के साथ गूंजे 'हनुमान अंश' के भजन, गिनीज बुक के लिए आवेदन

आमेर में सनातन महापरिषद भारत की ओर से महाआरती कर विश्व शांति, जनकल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की गई.

Grand Aarti in Amer
महा आरती का दृश्य (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : October 12, 2026 at 9:23 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: शारदीय नवरात्र की शुरुआत के साथ ही छोटी काशी जयपुर में धार्मिक आयोजनों का दौर शुरू हो गया है. इसी क्रम में रविवार रात आमेर में सनातन महापरिषद भारत के तत्वावधान में 5111 दीपों की महाआरती का भव्य आयोजन किया गया. दीपों की रोशनी के बीच हुई महाआरती के बाद फिल्म 'हनुमान अंश' के भजन 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई' गूंजे तो पूरा माहौल भक्तिमय हो गया. आयोजन के साथ डांडिया-गरबा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समा बांधा. सनातन महापरिषद ने इस आयोजन को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए आवेदन किया है.

महापरिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीएम पांडे ने बताया कि सनातन संस्कृति को आज देश ही नहीं, विदेशों में भी देखा जा रहा है. इस तरह के आयोजन सनातन की रीढ़ हैं. 5111 दीपों की महाआरती का उद्देश्य विश्व में सनातन संस्कृति और शांति का प्रचार-प्रसार है. गिनीज रिकॉर्ड के लिए सभी नियमों का पालन किया गया है. यह आयोजन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से किया जा रहा है.

विश्व शांति की कामना: अंबिकेश्वर महादेव मंदिर आमेर के पुजारी संतोष कुमार व्यास ने कहा कि महाआरती कर विश्व शांति, जनकल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की गई. दीपोत्सव में अद्भुत माहौल रहा. ज्योत से बड़ा कोई जोड़ नहीं है. अगले वर्ष 21000 दीपों से महाआरती करने की इच्छा है. आमेर संगठन मंत्री माला असलानी ने बताया कि महाआरती और हनुमान अंश के भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया. डांडिया महोत्सव के साथ मां की भक्ति, शक्ति और भारतीय संस्कृति का संगम देखने को मिला. कार्यक्रम में हजारों महिला-पुरुष शामिल हुए.

Grand Aarti in Amer
महा आरती में मौजूद लोग (ETV Bharat Jaipur)

भक्तिमय माहौल का लिया आनंद: आयोजन समिति के सदस्य रोशन सिंगोदिया ने बताया कि कार्यक्रम आमेर में पीली की तलाई मोड़ के पास आयोजित हुआ. पहली बार 5111 दीपों की महाआरती हुई है. सनातनी एक मंच पर एकजुट नजर आए. सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम में गैर-हिंदुओं की एंट्री बंद रखी गई, जबकि सनातनियों के लिए फ्री पास की व्यवस्था थी. लोगों ने सुरक्षित और भक्तिमय माहौल में आयोजन का आनंद लिया. जयपुर संगठन मंत्री दीपक सैनी ने बताया कि सभी सनातनी संगठनों ने एक मंच पर आकर आयोजन को सफल बनाया. कार्यक्रम का लाइव प्रसारण यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी देखा. अगली बार उनके जयपुर आने और मार्गदर्शन देने की उम्मीद है.

5111 दीपों की रोशनी से जगमगाया आमेर
5111 दीपों की रोशनी से जगमगाया आमेर (फोटो ईटीवी भारत जयपुर)