बिहार में बसेंगे 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप, सम्राट सरकार का HUDCO के साथ MOU
बिहार में ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के विकास के लिए तैयारियां चल रही हैं. बिहार सरकार ने हुडको के साथ 1 लाख करोड़ का MOU किया.

Published : July 3, 2026 at 3:35 PM IST
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में शुक्रवार (3 जुलाई) को लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प सभागार' में नगर विकास और हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (HUDCO) के बीच राज्य में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के विकास के लिए 1 लाख करोड़ रुपये के दीर्घकालिक ऋण के लिए एक महत्वपूर्ण मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया गया.
सम्राट सरकार ने साइन किया MOU: नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने एमओयू का आदान-प्रदान किया. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समझौता बिहार के शहरी विकास के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा.

"राज्य में आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप सैटेलाइट टाउनशिप विकसित किए जाएंगे, जिससे लोगों को बेहतर आवास, उच्चस्तरीय नागरिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण जीवन उपलब्ध होगा. लगभग 3 लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में टाउनशीप विकसित किय जायेंगे."- सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री, बिहार
30 दिन के अंदर मुआवजे का भुगतान: उन्होंने आगे कहा कि किसानों को भी लैंड पुलिंग के माध्यम से इसमें भागीदार बनाया जाएगा. जो भी किसान मुआवजे के लिए आवेदन देंगे, उन्हें 30 दिन के अंदर भुगतान किया जाएगा. बिहार सरकार 12 नये टाउनशीप को लेकर हुडको के माध्यम से 01 लाख करोड़ रुपये का इन्वेसटमेंट कर रही है. इसके अलावा 06 लाख करोड़ रुपये इन्वेसटमेंट बाहर से किया जाएगा.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी पहल से बिहार के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी. बड़े पैमाने पर निजी एवं संस्थागत निवेश आकर्षित होगा, निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाखों रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे. इन ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप में आधुनिक सड़क नेटवर्क, पेयजल, सीवरेज, विद्युत, हरित क्षेत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य, वाणिज्यिक एवं सामाजिक अधोसंरचना जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि लोगों को विश्वस्तरीय शहरी जीवन उपलब्ध कराया जा सके.
शहरीकरण के 35% लक्ष्य पर काम: मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार योजनाबद्ध, संतुलित एवं समावेशी शहरीकरण के लिए प्रतिबद्ध है. HUDCO के साथ हुआ यह समझौता राज्य के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने और बिहार को आधुनिक शहरी विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इससे बिहारवासियों का सपना पूरा होगा. हमलोग शहरीकरण के 35 प्रतिशत के लक्ष्य को प्राप्त करेंगे.
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद: इस मौके पर उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास सह सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार मौजूद थे. हुडको के साथ एमओयू को लेकर पहले ही कैबिनेट में स्वीकृति दी जा चुकी है.
ये भी पढ़ें
Explainer: 11 सैटेलाइट टाउनशिप से बिहार के लोगों को क्या मिलेगा, हर सवाल का जवाब यहां जानिए

