संभल के 21 स्कूलों की मान्यता पर तलवार; बिना परमिट और अनफिट स्कूली वाहनों को लेकर अंतिम चेतावनी
परिवहन विभाग ने "मिशन सेफ फ्यूचर" अभियान के तहत संभल जिले के 21 स्कूलों को चिन्हित किया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 5, 2026 at 10:39 AM IST
संभल : स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले स्कूलों पर अब संभल प्रशासन सख्त हो गया है. प्रशासन ने संभल जिले के 21 ऐसे स्कूल चिन्हित किए गए हैं, जिनके वाहन बिना वैध परमिट या फिटनेस के सड़कों पर संचालित हो रहे हैं. परिवहन विभाग ने भी स्पष्ट कर दिया है कि अब केवल चालान ही नहीं, बल्कि लगातार नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूलों की मान्यता रद्द करने तक की कार्रवाई की जा सकती है.
उत्तर प्रदेश सरकार के 'मिशन सेफ फ्यूचर' अभियान के तहत परिवहन विभाग ने जिलेभर में स्कूल वाहनों का विशेष जांच अभियान शुरू किया है. एआरटीओ अमिताभ चतुर्वेदी के अनुसार प्रत्येक स्कूल वाहन के परमिट, फिटनेस और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है. जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. जिले के 21 स्कूलों के वाहनों में गंभीर अनियमितताएं मिली हैं. प्रशासन ने ब्राइटलैंड पब्लिक स्कूल, सेंट जिलानी और गुरुकुल पब्लिक स्कूल सहित कई विद्यालयों को जल्द ही आवश्यक खामियां दूर करने के निर्देश दिए हैं.
एआरटीओ अमिताभ चतुर्वेदी ने बताया कि अभियान में 36 वाहनों के परमिट समाप्त पाए गए. 27 वाहनों की फिटनेस की अवधि खत्म हो चुकी है. कई वाहन ऐसे भी हैं जिनमें दोनों तरह की खामियां हैं. कुल मिलाकर करीब 40 वाहन नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित पाए गए हैं. प्रशासन अब नोटिस के साथ कड़ा एक्शन लेने के मूड में हैं. इस कड़ी में डीएम की अध्यक्षता में विद्यालय वाहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की जाएगी. जिसमें सभी स्कूल प्रबंधकों को अंतिम चेतावनी दी जाएगी. इसके बाद स्कूल की मान्यता रद्द करने की संस्तुति की जा सकती है.

