ये ट्रेन है या कछुआ..! 9 KM की दूरी 3 घंटे में तय की
नई तकनीक यात्रियों के लिए आफत बन गई है. नौ किलोमीटर का सफर तय करने में यात्रियों को करीब तीन घंटे लगे. पढ़ें खबर

Published : January 2, 2026 at 7:10 PM IST
समस्तीपुर : जरा सोचिए, अगर 9 किलोमीटर की दूरी तय करने में ट्रेन को 3 घंटे से अधिक का समय लगे तो क्या होगा? वही होगा जो समस्तीपुर में हुआ, यात्रियों का हंगामा. दरअसल समस्तीपुर-उजियारपुर रेलखंड के बीच शुरू नई तकनीक का यह साइडइफेक्ट है. जब एक-दूसरे के पीछे कई ट्रेनें खड़ी रही.
एक लाइन पर कई ट्रेनें, यात्री परेशान : समस्तीपुर-बरौनी रेलखंड के समस्तीपुर-उजियारपुर स्टेशन के बीच गुरुवार को डाउन लाइन पर एक के पीछे एक छह ट्रेनें घंटों फंसी रहीं. समस्तीपुर और उजियारपुर के बीच करीब 9 किलोमीटर की दूरी में 6 स्थानों पर ऑटोमैटिक सिग्नल लगे हैं. जिसके कारण इस दोनों स्टेशन के बीच लगे कई सिग्नल पर एक-एक कर इस रूट की कई ट्रेन एक दूसरे के पीछे खड़ी हो गयी.
10 मिनट की दूरी 3 घंटे में तय : इसका साइडइफेक्ट यह हुआ कि, समस्तीपुर जंक्शन से 12.55 में खुली 63308 समस्तीपुर-कटिहार पैसेंजर जिसे महज 10 मिनट यानी 01:05 में उजियारपुर स्टेशन पंहुचना था. उसे यह दूरी तय करने में करीब तीन घंटे का वक्त लग गया. बहरहाल इस लेटलतीफी के कारण ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों में काफी आक्रोश दिखा.
'हमेशा झेलनी होती है परेशानी' : इस बीच परेशान यात्रियों का कहना था कि यह कोई आज की घटना नहीं है. ट्रेन अक्सर अप लाइन और डाउन लाइन में फंस जाती है. हम लोग घंटों परेशान रहते हैं. आज (गुरुवार) गरीब रथ, कटिहार पैसेंजर, नई दिल्ली-बरौनी क्लोन एक्सप्रेस समेत कई गाड़ियां घंटों फंसी रही और हम परेशान रहे.

''समस्तीपुर मंडल मामले में कोई कार्रवाई नहीं करती है. वो गाड़ी आगे भेज देती है कि जाने सोनपुर मंडल. लेकिन समस्तीपुर मंडल से सोनपुर मंडल में गाड़ी जब आती है तो इसका क्या हाल होता है हम लोगों से पूछिए, परेशान तो हम होते हैं, यानी पब्लिक होती है. यह रोज का है.''- राम शंकर, यात्री
रेल मंडल ने क्या कहा? : इस मामले पर समस्तीपुर रेल डिवीजन के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा की मानें तो, ''यह पूरा मामला सोनपुर रेलमंडल से जुड़ा है. परेशानी डाउन लाइन पर आयी है. हालांकि मामले की जानकारी ली जा रही है कि आखिर किन वजहों से ट्रेन इस रेलखंड पर प्रभावित हुईं.'' जब हमने सोनपुर रेल मंडल के जन संपर्क अधिकारी पृथ्वी राज से संपर्क साधा तो उनका कहना था कि ''उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है.''
क्यों आ रही है समस्या? : समस्तीपुर-बरौनी रेलखंड के समस्तीपुर-उजियारपुर स्टेशन के बीच ऑटोमेटिक सिग्नल प्रणाली एक्टिव किया गया है. जिसके कारण इस रेलखंड के बीच ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह से ऑटोमेटिक है. सिग्नल के आगे दूसरी ट्रेन रहने की स्थिति में सिग्नल खुद रेड हो जाता है. इसी वजह से इस दोनों स्टेशनों के बीच विभिन्न सिग्नलों पर एक दूसरे के पीछे कई ट्रेनें खड़ी हो गई.
ये भी पढ़ें :-
भारत की पहली बुलेट ट्रेन 2027 तक पटरी पर दौड़ेगी, जान लीजिए पूरी डिटेल

