बिहार में पुलिस पर बड़ी कार्रवाई, दो थानों की गश्ती दल का रोका गया वेतन
बेतिया में दो ATM से चोरी मामले में डीआईजी हरकिशोर राय ने बड़ा एक्शन लिया और दो थानों की पुलिस का वेतन रोक दिया. पढ़ें

Published : December 24, 2025 at 3:21 PM IST
बेतिया: बिहार के बेतिया में नए साल से पहले अपराधियों ने बड़ी घटना को अंजाम देते हुए एटीएम से लाखों रुपये उड़ा लिए. दो एटीएम से 24 लाख की चोरी के मामले में डीआईजी हरकिशोर राय ने बड़ी कार्रवाई की है. दो थानों की गश्ती दल ( नौतन थाना और नगर थाना) के सभी पुलिसकर्मियों का वेतन रोक दिया गया है. वहीं बेतिया के प्रभारी एसपी से भी सूचना के बाद त्वरित कार्रवाई नहीं करने को लेकर जवाब मांगा गया है.
दो थानों की पुलिस का रोका गया वेतन: बता दें कि 18 दिसंबर 2025 की देर रात बेतिया के आलोक भारती चौक और नौतन थाना क्षेत्र के गहरी चौक स्थित एटीएम से चोरी की गई थी. दो घंटे के अंदर ही दोनों एटीएम को कटर के सहारे काटकर करीब 24 लाख की चोरी कर ली गई थी. पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कई ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही है. वहीं गश्ती दल का वेतन रोक दिया गया है.
"दो जगह पर एटीएम में चोरी हुई थी. सदर एसडीपीओ विवेक दीप के नेतृत्व में कांड उद्भेदन करने के लिए एक टीम बनाई गई है, जो टीम दूसरे राज्यों में गई है. थाने की गश्ती दल की शिथिलता को देखते हुए नौतन थाने की गश्ती दल और नगर थाने की गश्ती दल के सभी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है. दोनों टीम के वेतन पर रोक लगा दिया गया है."- हरकिशोर राय, डीआईजी, चंपारण प्रक्षेत्र
8 टीम का गठन: डीआईजी ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का उद्भेदन पुलिस कर लेगी. चंपारण रेंज के डीआईजी हरकिशोर राय ने इन शातिर चोरों को पकड़ने के लिए आठ टीम बनायी है. यूपी, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, बंगाल तक टीम पहुंचकर काम कर रही है.

बंगाल से गिरफ्तारी: बेतिया पुलिस बंगाल के खड़गपुर पहुंची है. पुलिस लगातार चोरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही थी, लेकिन इसी बीच बेतिया पुलिस को जानकारी मिली कि पश्चिम बंगाल के खड़गपुर पुलिस ने कुछ चोरों को गिरफ्तार किया है जो बंगाल में चोरी की वारदात को अंजाम देने आए थे.
बंगाल पहुंची बेतिया पुलिस : सूत्रों की मानें तो जिन चोरों की गिरफ्तारी हुई है, उन्होंने ही बेतिया के दोनों एटीएम में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. फिलहाल बेतिया पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है. गिरफ्तार चोरों की पहचान कर ली गई है.

6 आरोपी गिरफ्तार: एक आरोपी फारुख शेख हरियाणा के मेवात का रहने वाला है. दूसरा जाखिर खान हरियाणा के नुहूर का रहने वाला है. वहीं तीसरा मुस्ताक हरियाणा के पलवल का रहने वाला है. चौथा मोहसिन खान हरियाणा के नऊ का रहने वाला है. पांचवा दीपक पोद्दार दिल्ली के जहांगीरपुरी और छठा रवि कृष्ण चौधरी आंध्र प्रदेश का रहने वाला है. वहीं इस गैंग का जो लाइनर है वो बिहार के सिवान का टार्जन नट है.
ये भी पढ़ें
बिहार में ATM की ऐसी चोरी कि फिल्मी कहानी फेल, 5 मिनट में एक्शन और फिर सब गायब
सारण में एटीएम कटर गैंग सक्रिय ! ATM काटकर उड़ाए 6.66 लाख रुपए
बिहार में एसबीआई ATM तोड़कर लाखों की चोरी, चोरों का हाईटेक तरीका जान रह जाएंगे दंग
ATM कैश वैन लूटकर भागे बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग, एक लुटेरा गिरफ्तार

