लुंगी पहनकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पहुंचे विधायक, बोले- 'मोदी जी सपने में आए थे'
मोदी जी सपने में आए तो विधायक जी प्रेस कॉफ्रेंस करने पहुंच गए. उन्होंने क्या देखा पढ़ें पूरी खबर. रिपोर्ट- राजेश कुमार सिंह.

Published : August 22, 2026 at 5:18 PM IST
जमुई : इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (IIP) के प्रमुख आईपी गुप्ता हमेशा ही कुछ नया करने की कोशिश करते हैं. जिसका उदाहरण शनिवार को भी देखने को मिला. विधायक जी अचानक लुंगी पहनकर संवाददाताओं को संबोधित करने पहुंच गए.
इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता (IP Gupta) सहरसा से विधायक हैं. हालांकि वह जमुई जिले के पतौना गांव के रहने वाले हैं. आज अचानक जमुई परिसदन पहुंचे. वह लुंगी, हाफ शर्ट और हवाई चप्पल पहने हुए थे. बढ़ते चीनी की कीमतों को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज कसा.

आईपी गुप्ता ने कहा कि ''कल रात मेरे सपने में मोदी जी आऐ थे. हमसे बोले की वत्स पता है न, चीनी की कीमत बढ़ा दिया हूं. 70-75 रूपये कर दिया हूं. इससे देश का रेवेन्यू बढ़ेगा, गरीब और कमजोर होगा, तब न मेरी तानाशाही चलेगी.''
सहरसा विधायक ने आगे कहा कि ''जब हम मोदी जी से बोले, दाम तो बढ़ा दिए, लेकिन इसका जस्टिफिकेशन कहां से देंगे? आप कैसे बताएंगे कि इथेनाल का पेट्रोल बेचने में चीनी का दाम बढ़ा दिए. तब मोदी जी बोले कि हम बोल दिए हैं, वो जो मेरा सोशल मीडिया है, AI की फैक्ट्री है उनलोगों को बोल दिए हैं. एक डाटा तैयार कर रहा है कि भारत में हरेक दस घर में, या दस में से एक आदमी को शुगर (डाइबिटीज) की बीमारी है, तो चीनी नहीं खाना है. ये जस्टिफिकेशन तैयार है यही लोगों को बताया जाएगा.''
श्रवण कुमार-विजय सिन्हा पर हमला : इस दौरान इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता ने बिहार के मंत्री श्रवण कुमार और विजय कुमार सिन्हा को भी आड़े हाथों लिया. कहा कि श्रवण कुमार को कोई सिरियसली नहीं लेता है, व मंत्री लगते भी नहीं हैं. हालांकि विजय कुमार सिन्हा काफी जिम्मेदार राजनेता हैं, पता नहीं उन्होंने ऐसा बयान क्यों दिया? विजय सिन्हा के बयान से मैं व्यथित था इसीलिए पीएम मोदी हमारे सपने में आए.
क्या बोले थे मंत्री? : दरअसल, चीनी की बढ़ती कीमत पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा था कि चीनी खाने से शुगर होता है. इसलिए चीनी के दाम बढ़ने पर कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है. वहीं कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि यदि चीनी की कीमत बढ़ती है तो हमारे किसानों को इससे फायदा ही होगा. किसानों को यदि फायदा होता है तो उससे मुझे बहुत खुशी होगी.
ये भी पढ़ें :-
Explainer: एक सप्ताह में चीनी 40 प्रतिशत हुई महंगी, जानें इसकी पूरी इनसाइड स्टोरी
'सब डायबिटीज के शिकार हो रहे हैं..' चीनी की बढ़ती कीमतों पर बोले मंत्री श्रवण कुमार

