सहारनपुर में पुलिस चौकी के पास पिकअप चालक की पीट-पीटकर हत्या, आक्रोशित परिजनों ने लगाया जाम
फंदपुरी पुलिस चौकी के पास कार में टक्कर लगने के बाद दबंगों ने वारदात को दिया अंजाम. पुलिस ने दो आरोपियों की पहचान कर ली.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : October 19, 2025 at 1:26 PM IST
सहारनपुर : नकुड़ थाना क्षेत्र की फंदपुरी पुलिस चौकी के पास कार में टक्कर लगने से नाराज दबंगों ने पिकअप चालक की पीट पीट कर जान ले ली. चालक की हत्या के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को शांत करा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा. वारदात में शामिल दो आरोपियों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है.
एसपी देहात सागर जैन के अनुसार खेड़ा अफगान निवासी हामिद अली पिकअप चालक है. परिजनों का आरोप है कि गांव के बाहर कार सवार कुछ युवकों से विवाद हुआ था. इसके बाद हामिद पिकअप लेकर चला गया, लेकिन दबंगों ने पीछा कर लिया और फंदपुरी पुलिस चौकी के नजदीक रोक कर हामिद की बुरी तरह पिटाई कर दी. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हालांकि पुलिस टीम हामिद को अस्पताल ले गई थी. डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन दो घंटे के अंदर ही उसे मृत घोषित कर दिया.
एसपी देहात सागर जैन के मुताबिक प्राथमिक जांच में दो आरोपियों की पहचान कर ली गई है. आरोपियों की कार भी बरामद कर ली गई है. बाकी आरोपियों का पता लगाने और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. हालाकि प्राथमिकी में तीन ही आरोपियों के नाम दिए गए हैं. घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार मारपीट में 6-7 युवक शामिल थे. प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

