पहाड़ों से आई आफत; शाकंभरी देवी क्षेत्र में शिवालिक पहाड़ियों से अचानक आई बाढ़, दो महिला श्रद्धालुओं की मौत
सहारनपुर के सिद्ध पीठ श्री शाकंभरी देवी मंदिर क्षेत्र में गुरुवार रात बाढ़ के पानी से भारी तबाही हुई.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 29, 2026 at 1:00 PM IST
सहारनपुर : सिद्ध पीठ श्री शाकंभरी देवी मंदिर क्षेत्र में गुरुवार देर रात अचानक शिवालिक पहाड़ियों से भारी मात्रा में पानी आ गया. अचानक बाढ़ देख श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया. खोल में अचानक पानी का बहाव बढ़ने से कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और वाहन बह गए. पानी के तेज बहाव में कई दुकानें भी ध्वस्त हो गईं. यहीं हादसे में दो महिला श्रद्धालुओं की मौत भी हो गई.
बता दें, शिवालिक की पहाड़ियों के बीच स्थित शाकम्भरी देवी मंदिर में अक्सर बाढ़ आती रहती है. गुरुवार देर रात अचानक हुई बारिश के बाद पहाड़ों से तेज बहाव के साथ खोल में पानी आ गया. शाकम्भरी खोल में पानी आने से श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई. पानी का बहाव इतना तेज था कि अस्थायी पुल भी बह गया. श्रद्धालुओं के ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और वाहन बहाव में बह गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार रात तक मंदिर परिक्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे. तभी अचानक खोल में पानी आने लगा. कुछ ही देर में ही बहाव ने भंयकर रूप धारण कर लिया. पानी की तेज धारा अपने साथ कई वाहन बहाकर ले गई. ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, कारें, बाइक और निर्माण कार्य में लगी क्रेन व जनरेटर भी पानी में बह गए. बाढ़ का पानी थमने के बाद कई वाहन नदी किनारे मलबे में दबे मिले. इस भयानक मंजर में दो महिला श्रद्धालुओं की मौत भी हो गई. महिलाएं पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गई थीं. मंदिर क्षेत्र में मौजूद लोगों ने किसी तरह अपनी जान बचाई. दुकानदारों का कहना है कि पानी इतनी तेजी से आया कि संभलने का मौका ही नहीं मिला.
शुक्रवार सुबह प्रशासन और पुलिस विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. एसडीएम मानवेंद्र सिंह, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, इंस्पेक्टर मिर्जापुर सूबे सिंह और इंस्पेक्टर बेहट जितेंद्र सिंह दीक्षित ने मौके का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. एसडीएम मानवेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है. वहीं प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी, खोल और पहाड़ी क्षेत्रों के पास सावधानी बरतें.
यह भी पढ़ें : शिवालिक पहाड़ियों से खाई में गिरी बाइक, दो लोगों की मौत
यह भी पढ़ें : सहारनपुर के शाकुंभरी खोल में आया सैलाब, श्रद्धालुओं की कई गाड़ियां पानी में बहीं

