ETV Bharat / state

सागर के सबसे प्रतिष्ठित बंगले में जलाया जा रहा कचरा, नगर निगम ने थमा दिया कुलपति को नोटिस

सागर नगर निगम को कुलपति बंगले में कचरा जलाने की मिली शिकायत. निरीक्षण के दौरान कचरा जलते मिलने पर निगम ने कुलपति को भेजा नोटिस.

SAGAR VC BUNGALOW GARBAGE BURN
कुलपति आवास में कचरा जलाने की शिकायत (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 26, 2026 at 7:35 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सागर: शहर के सबसे प्रतिष्ठित बंगलों में शुमार व्हीसी बंगला को नोटिस मिलने के बाद शहर में हडकंप है. यह शहर के सबसे पाॅश इलाके सिविल लाइन का सबसे बड़ा और भव्य बंगला है. कभी इस बंगले में महान शिक्षाविद और विधिवेत्ता डाॅ सर हरीसिंह गौर रहा करते थे.

इस बंगले में कचरा जलाकर प्रदूषण फैलाए जाने के मामले को लेकर सागर नगर निगम ने सख्ती दिखाई है. नगर निगम ने सागर यूनिवर्सिटी के कुलपति को नोटिस थमाते हुए जवाब मांगा है. तय अवधि में जवाब ना मिलने पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 के तहत कार्रवाई की जाएगी.

कुलपति आवास में कचरा जलाने की शिकायत

नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री के निर्देश पर स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत शहर में स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को लेकर व्यापक स्तर पर गतिविधियां संचालित की जा रही हैं. नगर निगम की टीम लगातार वार्डों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर रही है. इसी कड़ी में पिछले 3-4 दिन से लगातार शहर के सिविल लाइन इलाके में कुलपति आवास में कचरा जलाकर प्रदूषण फैलाने की शिकायत मिल रही थी. सिविल लाइन इलाके में सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान कुलपति निवास परिसर में कचरा जलाकर प्रदूषण फैलाते पाए जाने पर कुलपति को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई.

नगर निगम ने कुलपति को नोटिस भेजकर मांगा जवाब (ETV Bharat)

नगर निगम ने कुलपति को नोटिस भेजकर मांगा जवाब

नगर निगम के स्वच्छता अधिकारी राजेश सिंह राजपूत ने बताया कि "सिविल लाइन में कुलपति निवास पर कचरा जलाया जा रहा था, जिससे पर्यावरण प्रदूषित हो रहा था. यह कृत्य ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 का उल्लंघन है. कुलपति को नोटिस देकर तय अवधि में नोटिस का जवाब मांगा गया है. अगर जवाब संतोषजनक नहीं रहा तो ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी."

SAGAR MUNICIPAL CORPORATION
सागर स्वच्छ सर्वेक्षण (ETV Bharat)

नगर निगम ने शहर के नागरिकों से अपील की है कि वे कचरा जलाने जैसी गतिविधियों से बचें और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन करते हुए शहर को साफ सुथरा और प्रदूषण मुक्त बनाने में सहयोग करें.

वहीं जब इस मामले में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वाय एस ठाकुर से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा कि "मुझे जानकारी नहीं है, अगर निगम से नोटिस आया है तो नियमानुसार जवाब दिया जाएगा."