तुर्किये में चमका सागर का सितारा, डॉ. शिवानी को इस्तांबुल यूनिवर्सिटी में मिला अवार्ड
सागर यूनिवर्सिटी का विदेश में नाम रोशन, भूगोल विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डाॅ. शिवानी मीणा ने इस्तांबुल विश्वविद्यालय में बिखेरा जलवा. कपिल तिवारी की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 27, 2026 at 9:37 PM IST
सागर: मध्य प्रदेश की सागर यूनिवर्सिटी के रिसर्चर, प्रोफेसर और स्टूडेंट्स सिर्फ देश ही नहीं दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं. इसी कड़ी में यूनिवर्सिटी की भूगोल विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डाॅ. शिवानी मीणा ने तुर्किये के इस्ताबुंल यूनिवर्सिटी में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय भौगोलिक संघ (IGU) के क्षेत्रीय सम्मेलन में शिरकत की और रिसर्च पेपर पेश किया. डॉ. शिवानी को रिसर्च पेपर के प्रभावी प्रस्तुतीकरण के लिए यंग एंड अर्ली करियर जियोग्राफर, बेस्ट पेपर प्रेजेंटेशन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया. यह उनके अकादमिक एवं रिसर्च की एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि है.
65 देशों के भूगोलवेत्ताओं ने किया विचार विमर्श
तुर्किये की इस्तांबुल यूनिवर्सिटी में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय भौगोलिक संघ (IGU) के क्षेत्रीय सम्मेलन 2026 में दुनिया भर के भूगोलवेत्ता इकट्ठा हुए थे. भूगोल के क्षेत्र में शोध, भविष्य की चुनौतियों और योजनाओं पर विचार विमर्श के लिए इस सम्मेलन का वैश्विक महत्व है. यह एक अंतर्राष्ट्रीय स्तर का प्रतिष्ठित अकादमिक सम्मेलन है. जिसमें 65 देशों के 1400 से अधिक भूगोलवेत्ता, शोधकर्ता, शिक्षाविद और गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया था. सम्मेलन में कई चरणों में भूगोल के समकालीन विषयों, वैश्विक चुनौतियों और विभिन्न शोध क्षेत्रों पर रिसर्च पेपर पेश किए गए और विद्वानों के बीच ज्ञान एवं विचारों का आदान-प्रदान हुआ.
सागर यूनिवर्सिटी की डाॅ. शिवानी मीणा को अवार्ड
डॉ. शिवानी मीणा ने बताया, "सागर यूनिवर्सिटी और भूगोल विभाग की वजह से मुझे विश्वस्तरीय सम्मेलन में हिस्सा लेने का अवसर मिला. ये सम्मेलन अंतर्राष्ट्रीय भौगोलिक संघ (IGU) द्वारा हर चार साल में आयोजित किया जाता है. सम्मेलन में मैंने अपने रिसर्च पेपर प्रेजेंटेशन के लिए भेजा था. जिसका चयन होने के बाद मुझे ट्रेवल ग्रांट प्रदान कर टर्की की इस्तांबुल यूनिवर्सिटी में आयोजित सम्मेलन में बुलाया गया. इसी केटेगरी में मुझे यंग एंड अर्ली करियर जियोग्राफर बेस्ट पेपर प्रेजेंटेशन अवॉर्ड मिला. जिसमें मुझे पुरस्कार राशि भी मिली है. मैंने भारत सरकार के योजना एवं आर्थिक सांख्यिकी विभाग के 2024 के आंकड़ों के आधार पर घरेलू और ऐसे कामों पर रिसर्च पेश की, जिनकी गणना और योगदान की चर्चा नहीं की जाती है."


- एलोपैथी के साथ आयुर्वेद करेगा कैंसर का इलाज, बढ़ेगा इम्यून पावर, सस्ता और कारगर होगा ट्रीटमेंट
- मध्य प्रदेश के 2 वन कर्मियों को राष्ट्रीय सम्मान, डिप्टी सीएम पवन कल्याण ने गज गौरव अवॉर्ड से नवाजा
इस अंतर्राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन में सागर की सेंट्रल यूनिवर्सिटी डाॅ. हरीसिंह गौर सागर यूनिवर्सिटी के सामान्य एवं व्यावहारिक भूगोल विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डाॅ. शिवानी मीणा को आमंत्रित किया गया था. अंतरराष्ट्रीय भौगोलिक संघ (IGU) द्वारा सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए यात्रा अनुदान प्रदान किया गया और अवार्ड के साथ नगद राशि भी प्रदान की गयी.

