प्रदेशव्यापी बस हड़ताल पर बोले परिवहन मंत्री, त्यौहार के समय ऐसा करना गलत, नई नीति से सबको फायदा
परिवहन मंत्री ने गिनाए नई नीति के फायदे, राव उदय प्रताप सिंह बोले- बस ऑपरेटर्स को बात करनी चाहिए, उनके सुझाव मानेंगे, लेकिन हड़ताल गलत

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 27, 2026 at 10:48 PM IST
सागर : नई परिवहन नीति के विरोध में बस ऑपरेटर्स द्वारा 2 मार्च से प्रदेश भर में हड़ताल करने की चेतावनी पर परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा, '' हमारे राज्य में कंडम बसें चल रही हैं, जिनके कारण आए दिन हादसे होते हैं. हमनें कई प्रदेशों की बस सेवा और परिवहन नीति का अध्ययन करकर एक बेहतर और आदर्श परिवहन नीति बनाई है. अगर बस ऑपरेटर्स को कोई दिक्कत है, तो उन्हें चर्चा करना चाहिए. अपनी समस्या बताना चाहिए, अपने सुझाव देना चाहिए, हम उनकी बात न सुनें तो बात अलग है लेकिन त्यौहार पर हड़ताल करना गलत है.
परिवहन मंत्री ने गिनाए नई नीति के फायदे
सागर के गढ़ाकोटा में मीडिया के सवाल पर परिवहन मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने कहा, '' मैंने उनसे (बस ऑपरेटर्स से) आग्रह किया है, बड़ी भ्रम की स्थिति है. जो नई परिवहन नीति आ रही है, उससे कई विसंगतियों से मुक्ति मिलेगी. जो परमिटों को लेकर अनावश्यक काम्पटीशन होता था, उससे मुक्ति मिलेगी. अनावश्यक व्यावधान जो आते हैं, उनसे मुक्ति मिलेगी. सुरक्षित रोड मिलेंगी, ग्रामीण क्षेत्रों से शहरी क्षेत्र में जाने सुविधाएं मिलेंगी. ड्राइवर उनका, बस उनकी, कंडक्टर उनका और रूट हम उनको देंगे. सरकार पैसा इकट्ठा करेगी, बीच में जो पैसा लीकेज होता था, चोरी होता था, उससे मुक्ति मिलेगी. सारी पारदर्शी व्यवस्था है.
त्यौहार के समय हड़ताल सही नहीं
परिवहन मंत्री ने आगे कहा, '' हमने देश के अनेक राज्यों की ट्रांसपोर्ट पाॅलिसी का अध्ययन करके नीति बनाई है. मध्यप्रदेश में सर्वश्रेष्ठ परिवहन सेवा नीति बनाई है. उनको बिल्कुल हड़ताल करने की आवश्यकता नहीं है. उनके मन में संदेह है, तो हम उनका निराकरण करेंगे. उनके कोई सुझाव हैं, तो हम उस पर चर्चा करेंगे. हमारे मुख्यमंत्री मोहन यादव हमेशा इस बात की चिंता करते हैं कि हमारे प्रदेश की जनता, हमारे यहां रहने वाले लोग, किसान, व्यापारी यहां के स्टेकहोल्डर को किसी किस्म की दिक्कत नहीं आना चाहिए. उनका कोई सुझाव है, हम उनको समाहित करेंगे, उनके मन में कोई संशय है, तो हम उनका निकाकरण करेंगे लेकिन त्यौहार के समय पर ऐसा नहीं करना चाहिए.
मध्यप्रदेश में बस दुर्घटनाओं के कारण ला रहे नई बस सेवा
परिवहन मंत्री ने कहा, '' नई परिवहन नीति लाने का सबसे बड़ा कारण है कि बढ़ती बस दुर्घटनाएं. बस का जीवन 15 साल है लेकिन 22 साल पुरानी बसें चलती है, 10 लोग मर जाते हैं, 15 लोग मर जाते हैं एक-एक व्यक्ति की जान हमारे लिए महत्वपूर्ण है. हमारी जनता हमारे लिए भगवान जैसी है. परिवहन सेवा को हम आदर्श बस सेवा बनाने जा रहे हैं. पुराने वाहन है, कंडम वाहन है, अनफिट वाहन है, बगैर लाइसेंस के ड्राइवर चला रहा है, ये नहीं होना चाहिए. नई बस सेवा में ड्राइवर, कंडक्टर, बस के बाहर और बस के अंदर कैमरा है, ट्रैकिंग डिवाइस लगाएंगे, भोपाल में कंट्रोल कमांड सेंटर बनाकर एक-एक बस को देख सकेंगे. कौन सी बस कहां जहां रही है, समय पर है कि लेट चल रही है सबकी जानकारी होगी.''
यह भी पढ़ें-
- सागर के सबसे प्रतिष्ठित बंगले में जलाया जा रहा कचरा, नगर निगम ने थमा दिया कुलपति को नोटिस
- होली के पहले मध्य प्रदेश में थम जाएंगे यात्री बसों के पहिए, अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान
उन्होंने आगे कहा, '' सबसे महत्वपूर्ण बात ये है कि हमारे यहां अभी 14 हजार बसें चल रही है. हमनें जो नई रूट प्राथमिक तौर पर बनाए हैं ,उसके अनुसार हमें 16 हजार बसों की जरूरत होगी. एक अच्छी परिवहन सेवा है, पहले चर्चा करनी चाहिए, फिर हड़ताल जैसा फैसला लेना चाहिए.''

