सागर में जनसुनवाई में पहुंचे युवक का हंगामा, फटाखे फोड़ खुद के ऊपर उड़ेला पेट्रोल
जनसुनवाई में सागर कलेक्ट्रेट पहुंचे युवक ने जलाई धार्मिक किताब, शिकायत के बाद पुलिस ने युवक के खिलाफ दर्ज किया मामला. कपिल तिवारी की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 26, 2026 at 10:22 PM IST
सागर: जनसुनवाई में कलेक्टर कार्यालय परिसर में दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक ने कथित रूप से खुद पर पेट्रोल डाल लिया और एक धार्मिक किताब में आग लगा दी. मौके पर मौजूद लोगों और हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने तत्काल युवक को रोका, जिससे बड़ा हादसा टल गया. इसके बाद धार्मिक किताब को जलाने को लेकर हिंदू संगठनों की शिकायत पर युवक को हिरासत में ले लिया गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
धार्मिक किताब जलाकर फोड़े पटाखे, उड़ेला पेट्रोल
जिला कलेक्टर कार्यालय में होने वाली जनसुनवाई में मंगलवार को जिला कलेक्टर प्रतिभा पाल कक्ष में मौजूद थीं. इसी दौरान कलेक्टर परिसर में दोपहर करीब 1 बजे धमाके की आवाज आई और अफरा-तफरी का माहौल हो गया. जनसुनवाई में मौजूद पुलिस बल ने जब जाकर देखा तो एक युवक एक धार्मिक किताब को जल चुका था और अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश कर रहा था. युवक ने धार्मिक किताब को जलाने के साथ पटाखे भी फोड़ थे.

10 साल से कार्रवाई नहीं होने पर नाराज था युवक
मौके पर पहुंची पुलिस ने कलेक्ट्रेट परिसर में हंगामा करने पर युवक को हिरासत में ले लिया. पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम बहादुर चढ़ार निवासी घोघरी थाना जैसीनगर बताया है. इस युवक का आरोप है कि वर्ष 2015 में मोतीनगर निवासी मुन्ना बुंदेला सहित अन्य लोगों ने उसका रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की थी और अमानवीय व्यवहार किया था.
युवक ने दावा किया कि इस मामले में वह पिछले 10 सालों से मोतीनगर और जैसीनगर थाने में आवेदन दे रहा है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. युवक जोर-जोर से न्याय नहीं मिलने की बात कह रहा था. इधर घटना की जानकारी मिलते ही हिंदूवादी संगठन कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और धार्मिक किताब में आग लगाने की घटना को लेकर नाराजगी जताई.
- सैंया तू काला मैं गोरी, तेरे साथ ना रहूंगी, जनसुनवाई में पहुंचे परिवार का बहू पर मारपीट का आरोप
- श्योपुर में जनसुनवाई में फरियादी की मौत, ड्रामा समझते रहे अधिकारी, वृद्ध ने तोड़ा दम
- खाली मटका लेकर जनसुनवाई में पहुंचे ग्वालियर के लोग, कहा-गर्मी में पानी तो पिला दो
हिरासत में लेकर पुलिस युवक से कर रही पूछताछ
सीएसपी ललित कश्यप ने बताया, "कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान एक युवक ने पटाखे फोड़ थे, अपने ऊपर पेट्रोल डाला था और एक धार्मिक किताब को जलाने की कोशिश की गई थी. इस मामले में युवक को गोपालगंज थाना पुलिस ने हिरासत में लिया है और विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. युवक से पूछताछ की जा रही है."

