मध्य प्रदेश के गोल्डन बॉय सोहेल खान ने कूडो में जीता सिल्वर, अक्षय कुमार, डिंपल कपाड़िया हुए मुरीद
'गोल्डन बॉय ऑफ एमपी' सोहेल खान ने कूडो वर्ल्ड कप 2025 में जीता रजत पदक, अक्षय कुमार, डिंपल कपाड़िया और जैकी श्रॉफ ने किया सम्मानित.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : November 14, 2025 at 9:55 AM IST
सागर: शहर के विश्वस्तरीय मार्शल आर्ट्स खिलाड़ी सोहेल खान को पूरा देश 'गोल्डन बॉय ऑफ एमपी' के नाम से जाने जाते है. जिन्होंने एक बार फिर प्रदेश ही नहीं देश का मान बढ़ाया है. उन्होंने बुल्गारिया में आयोजित कूडो वर्ल्ड कप 2025 ऐतिहासिक रजत पदक जीतकर भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है. उनकी सफलता पर बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार, डिंपल कपाड़िया और जैकी श्रॉफ ने सोहेल और उनके कोच डॉ. मोहम्मद एजाज खान का मुंबई में विशेष समारोह में सम्मान किया. ये समारोह भारतीय कूडो के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन और खिलाड़ियों की मेहनत को समर्पित था.
अक्षय कुमार ने सोहेल की जमकर की तारीफ
भारत में मार्शल आर्ट्स और कूडो को बढ़ावा देते आ रहे अक्षय कुमार ने सोहेल खान की लगन, अनुशासन और देश के लिए समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि, ''सोहेल जैसे खिलाड़ी भारत के उन युवाओं के लिए प्रेरणा हैं, जो ये विश्वास रखते हैं कि मेहनत और दृढ़ निश्चय से हर बाधा पार की जा सकती है.'' समारोह में सोहेल खान के कोच डॉ. मोहम्मद एजाज खान को भी सम्मानित किया गया. अक्षय कुमार ने मोहम्मद एजाज खान की तारीफ करते हुए कहा कि, ''सोहेल के मार्गदर्शक और व्यक्तिगत कोच के तौर पर मोहम्मद एजाज खान ने सालों मेहनत की और ट्रेनिंग के साथ तकनीकी मार्गदर्शन किया.''

मेहनत, विनम्रता और विश्वास से सोहेल ने हासिल किया मुकाम
अपने शिष्य को बॉलीवुड की हस्तियों द्वारा सम्मानित किए जाने पर डॉ. मोहम्मद एजाज खान ने सोहेल की कूडो में विश्वस्तरीय यात्रा के बारे में बताते हुए कहा कि ''सोहेल की सफलता इस बात का प्रमाण है कि मेहनत, विनम्रता और विश्वास एक साथ हों, तो छोटे शहरों की प्रतिभा भी विश्व स्तर के मंच तक पहुच सकती है.''
- गोल्डन बॉय ऑफ एमपी टोक्यो में दिखाएंगे अपना दम, एशियन कूडो चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई
- छतरपुर में बेटी घर आई तो पिता ने बंटवाया टनों लड्डू, गांव में हुआ क्रांति का जश्न
- विश्व विजेता बन क्रांति गौड़ ने छतरपुर की धरती पर रखा पैर, स्वागत में उमड़ा जनसैलाब
युवाओं के लिए सोहेल का संदेश
समारोह के बाद सोहेल खान ने देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि, ''ये मायने नहीं रखता कि आप कहां से आते हैं. जबकि मायने ये रखता है कि आप पहुंचे कहां तक और आपने सफलता का सफर कैसे तय किया. आप किसी गांव या मेरे जैसे छोटे शहर सागर से हों, बस आप अपने लक्ष्य को पहचान कर मेहनत कीजिए, निरंतरता बनाए रखिए और हमेशा विनम्र रहिए.''
22 बार जीते नेशनल गोल्ड मेडल
सोहेल खान मध्य प्रदेश के सागर के रहने वाले हैं. वह वर्तमान में मुंबई में रहते हैं. कूडो में शानदार खेल की बदौलत उन्हें कस्टम डिपार्टमेंट में नौकरी मिली है. देशभर में उन्हें "गोल्डन बॉय ऑफ एमपी" के नाम से जाना जाता है. सोहेल ने अब तक 22 लगातार नेशनल गोल्ड मेडल जीते हैं, जो भारतीय कूडो में दुर्लभ रिकॉर्ड है. वे जूनियर वर्ल्ड चैंपियन (2017) भी रह चुके हैं और अक्षय कुमार इंटरनेशनल कूडो टूर्नामेंट में चार बार गोल्ड मेडल जीत चुके हैं.

