ETV Bharat / state

सागर में क्रेशर खदान में हादसा, दोस्त को बचाने के चक्कर में 3 दोस्त डूबे, 1 शव बरामद

सागर में क्रेशर खदान में नहाते वक्त तीन दोस्त डूबे, एक को बचाने के चक्कर में हादसा, मोहन यादव ने किया आर्थिक मदद का ऐलान.

SAGAR MINE ACCIDENT
सागर में क्रेशर खदान में बड़ा हादसा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : April 25, 2026 at 9:51 AM IST

|

Updated : April 25, 2026 at 10:22 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सागर: बहेरिया थाना इलाके के गुड़ा गांव में शुक्रवार रात दर्दनाक हादसा सामने आया है. जहां क्रेशर खदान में नहाने गए सात दोस्तों में से तीन युवक गहरे पानी में डूब गए. यह घटना उस समय हुई जब सभी युवक खदान में नहा रहे थे और अचानक एक युवक गहराई का अंदाजा न लगा पाने के कारण डूबने लगा. उसे बचाने के प्रयास में तीन अन्य दोस्त भी पानी में समा गए. रेस्क्यू टीम ने एक शव बरामद कर लिया है, बाकी दो लोगों की तलाश जारी है. मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए प्रभावितों के परिजनों को 4-4 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा की है.

क्रेशर खदान में नहाने पहुंचे थे 7 दोस्त
बहेरिया थाना प्रभारी प्रतिभा जैन ने बताया कि, ''गुड़ा गांव के क्रेशर में सात दोस्त नहाने पहुंचे थे. केंट थाना इलाके में रहने वाला 19 साल का तेजराम कुर्मी नहाते समय गहराई में चला गया और डूबने लगा. तेजराम को बचाने के लिए उसके दोस्त अभिषेक कोरी (20), तानिष कोरी (18) और आयुष डुमार (18) तुरंत पानी में कूद पड़े. हालांकि मौके पर मौजूद अन्य दोस्तों ने किसी तरह आयुष को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन तेजराम,अभिषेक और तानिष गहरे पानी में डूब गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस व प्रशासन को सूचना दी.

रेस्क्यू टीम ने किया एक शव बरामद (ETV Bharat)

सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. काफी मशक्कत के बाद अभिषेक का शव बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो अन्य युवकों की तलाश देर रात तक जारी रही. क्रेशर की खदान में नहाने गए सभी दोस्त शहर के केंट थाना क्षेत्र के बंगला नंबर 9 के पास के निवासी बताये जा रहे हैं. वही यह घटनास्थल शहर से करीब 20 किलो मीटर दूर है, जहां सभी दोस्त नहाने गए थे. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे.

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने की आर्थिक सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रभावितों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. घटना की सूचना पर स्थानीय विधायक प्रदीप लारिया भी मौके पर पहुंच गए थे. उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि, ''रेस्क्यू टीम ने एक के शव को बरामद कर लिया है, दो लोगों की तलाश की जा रही है. घटना से सीएम मोहन यादव को अवगत करा दिया था. जिसके बाद उन्होंने मदद का ऐलान किया.''

MOHAN YADAV GOVT COMPENSATION
दोस्त को बचाने के चक्कर में 3 दोस्त डूबे (ETV Bharat)

प्रत्यक्षदर्शी शिवा वाल्मीकि के अनुसार, ''वह सभी सातों दोस्त साथ में नहा रहे थे, तभी एक युवक डूबने लगा. उसे बचाने के लिए बाकी दोस्त आगे बढ़े, लेकिन देखते ही देखते तीन युवक पानी में समा गए. अंधेरा होने के चलते टीम को रेस्क्यू में काफी समस्या जा रही है. बताया जा रहा है कि यह क्रेशर खदान काफी समय से बंद पड़ी थी, जिसमें पानी भरा होने के चलते आसपास के युवक इसमें नहाने पहुंचते थे. फिलहाल SDRF की टीम मौके पर सर्चिंग में जुटी हुई है और लापता युवकों की तलाश जारी है.

Last Updated : April 25, 2026 at 10:22 AM IST