रेलवे फाटक तोड़कर ट्रैक पर चढ़ा टैंकर, स्टेशन मास्टर की सूझबूझ से टला बड़ा रेल हादसा
सागर में बंद फाटक को तोड़कर निकला वाहन, स्टेशन मास्टर ने रेड सिग्नल देकर सोमनाथ एक्सप्रेस को आउटर पर रोका.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 1, 2026 at 6:12 PM IST
सागर: खुरई रेलवे स्टेशन के पास स्थित गुरुकुल रेलवे फाटक पर उस समय एक बड़ा हादसा होने से टल गया. जब सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन के आने के संकेत हो चुके थे और रेलवे गेट को बंद किया जा रहा था. इस दौरान एक पानी टैंकर चालक ने जल्दी के चक्कर में फाटक से निकालने का प्रयास किया, तभी फाटक से टैंकर टकरा गया. ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर रेलवे ट्रैक पर चला गया. तत्काल गेटमैन ने स्टेशन मास्टर को सूचित कर रेड सिग्नल कराकर सोमनाथ एक्सप्रेस को आउटर पर रुकवा दिया. साथ ही मेमू ट्रेन को भी बघोरा स्टेशन पर रोका गया.
सोमनाथ एक्सप्रेस और मेमू ट्रेन को रोका गया
जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 11465 सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन के खुरई रेलवे स्टेशन पर आने के संकेत हो चुके थे. खुरई रेलवे स्टेशन के पास स्थित गुरुकुल रेलवे फाटक में तैनात गेटमैन जैसे ही फाटक को बंद करने लगा. तभी गुरुकुल चौराहा से खिमलासा रोड की तरफ एक पानी का टैंकर निकल रहा था. ट्रैक्टर रेल पटरियों पर जाकर रुक गया. तभी टैंकर में भरा पानी भी गिरने लगा. तत्काल गेटमैन ने इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर को दी.
ट्रैक पर फंसा ट्रैक्टर
स्टेशन मास्टर ने आनन-फानन में सोमनाथ एक्सप्रेस के लिए सिग्नल रेड कर दिए. ट्रेन को आउटर पर खड़ा कर दिया गया. प्रत्यक्षदर्शी संजय जैन ने बताया, "मैं बाइक पर सवार होकर अपने गांव जा रहा था, रेलवे फाटक को बंद होता देख सभी लोग ठहर गए. इस दौरान पानी से भरे एक टैंकर ने फाटक पार करने की कोशिश की, तभी वह रेलवे फाटक से टकरा गया. जिससे फाटक टूट गया और ट्रैक्टर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया."

घटनास्थल पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी
इस दौरान सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस करीब 20 मिनट तक आउटर पर ही खड़ी रही. वहीं गाड़ी संख्या 61619 बीना-कटनी मेमू ट्रेन को बघोरा रेलवे स्टेशन पर करीब 15 मिनट तक रोका गया. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे. साथ ही आरपीएफ के जवान भी मौके पर पहुंचे.
फाटक के दोनों तरफ लगा जाम
इस घटना के बाद फाटक के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई. यहां पर इस समय ओवरब्रिज निर्माण का काम काफी तेजी से चल रहा है. जिसकी वजह से वाहन चालकों को और ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

- छतरपुर में 10वीं का पेपर देने जा रही छात्रा की मौत, बाइक की टक्कर से पलटा ई-रिक्शा
- भोपाल की चिनार ड्रीम सिटी में लिफ्ट गिरी, दो गंभीर रूप से घायल, सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल
जाम में फंसे राजू पटेल ने बताया, "घटना के करीब एक घंटे बाद फाटक को खोला गया. बाइक सवार फाटक के नीचे और आसपास से जान जोखिम में डालकर निकलते रहे, लेकिन बड़े वाहन चालकों को परेशान होना पड़ रहा है." घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ प्रभारी मौके पर पहुंचे और टैंकर चालक से पूछताछ कर टैक्टर को भी जब्त कर लिया गया है.

