ETV Bharat / state

ऑटो में छोड़ दिया था लाखों के जेवर से भरा बैग, पुलिस की तत्परता से ऑटो चालक ने भी दिखाई ईमानदारी

सागर में ऑटो में छूटा जेवरात से भरा बैग. पुलिस की तत्परता से पीड़ित को मिला बैग. पुलिस ने चंद घंटों में खंगाले कई सीसीटीवी.

SAGAR JEWELLERY BAG LEFT IN AUTO
सागर में ऑटो में छूटा जेवरात से भरा बैग,ऑटो चालक ने दिखाई ईमानदारी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : January 1, 2026 at 11:01 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सागर: पुलिस कंट्रोल रूम में तब हड़कंप मच गया, जब एक परिवार रोते हुए पहुंचा और वहां मौजूद एएसपी को अपने साथ घटी घटना के बारे में बताया. पीड़ित परिवार बस से भोपाल से सागर पहुंचा था और अपने घर जाने के लिए एक ऑटो में बैठा था. लेकिन ऑटो से उतरते वक्त अपना बैग ऑटो में ही छोड़ दिया. बैग में 5 लाख से ज्यादा कीमत के सोने चांदी के जेवरात थे. एएसपी ने तत्काल कंट्रोल रूम प्रभारी को जिस इलाके में बैग खोया, उस इलाके के सीसीटीवी फुटेज और पुलिस के कैमरे की जांच करने कहा.

ऑटो में छूटा जेवरात से भरा बैग

चितोरा बेरखेड़ी निवासी कैलाश रजक ने बताया कि "वो अपने परिवार सहित भोपाल से बस से सागर आए थे. सागर बस स्टैंड से ऑटो से घर पहुंचने के दौरान उनका बैग ऑटो में छूट गया था, जिसमें लगभग 5 लाख रुपए से ज्यादा के सोने-चांदी के जेवरात और 5,300 रुपए नगद रखे हुए थे. बैग के छूट जाने से परिवार की महिलाएं रोते हुए पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचीं. महिलाओं ने रोते बिलखते एएसपी सागर लोकेश कुमार सिन्हा को आपबीती बताई.

सीसीटीवी फुटेज से लगा सुराग

एएसपी ने तत्काल उप निरीक्षक आरकेएस चौहान को बैग को ढूंढने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए. प्रभारी एस आई आरकेएस चौहान ने बताया कि हमने तत्काल एक टीम गठित की. पुलिस कंट्रोल रूम में ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक रेखा रजक और महिला आरक्षक उर्मिला, आरक्षक रेडियो राकेश सुलखिया को सीसीटीवी फुटेज खंगालने के काम में लगाया गया. टीम ने सतर्कता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए कुछ ही देर में संबंधित ऑटो की पहचान कर ली. ऑटो का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया के माध्यम से साझा किया गया और आमजन से सहयोग की अपील की गई.

ऑटो चालक पहुंचा कंट्रोल रूम

सोशल मीडिया पर फुटेज देखने के बाद ऑटो चालक मुकेश मिश्रा स्वयं बैग लेकर पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे. मुकेश मिश्रा ने बताया कि बैग के भीतर रखे सामान की जानकारी नहीं थी और ऑटो में ही बैग छूट गया था. जैसे ही मैxने वीडियो देखा, तो तत्काल कंट्रोल रूम आ गया. एएसपी ने बैग की विधिवत जांच के बाद सामान सहित रजक परिवार को सुरक्षित वापस कर दिया. एएसपी ने ईमानदार ऑटो चालक मुकेश मिश्रा का सम्मान कर उनकी ईमानदारी की सराहना की. एएसपी लोकेश सिन्हा ने कहा कि "इस मामले में हमारी टीम की तत्परता और ऑटोचालक की ईमानदारी के चलते एक परिवार के 5 लाख से ज्यादा के जेवर सुरक्षित बचे रहे."