सागर में हमारे राम, आशुतोष राणा के अभिनय से जीवंत होगी रामायण, दिखेगी रावण की अच्छाई
फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा रावण के किरदार में आएंगे नजर, मिलेगा रामायण का एक अद्भुत अनुभव.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : April 29, 2026 at 12:45 PM IST
सागर : फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा के अद्भुत अभिनय से सागर राममय होने जा रहा है. 16 मई से सागर में महानाट्य 'हमारे राम' का मंचन होगा. सबसे खास बात ये है कि इसमें प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा अभिनय करेंगे जो खुद सागर यूनिवर्सिटी के परफार्मिंग आर्ट्स विभाग से कला और अभिनय की बारीकियां सीख आज देश-दुनिया में अपने अभिनय के लिए मशहूर हैं. इन दिनों आशुतोष राणा अपने महानाट्य "हमारे राम" को लेकर काफी चर्चा में है, जो अब सागर में आयोजित होने जा रहा है.
नाटक में नजर आएगा रावण का दूसरा पहलू
आशुतोष राणा अपनी नाट्य कृति 'हमारे राम' का मंचन देश के 34 से ज्यादा शहरों में कर चुके हैं. वहीं विदेशों में भी कई जगहों पर इस नाटक का मंचन हो चुका है. खास बात ये है कि इस नाटक में रावण को एक खलनायक के रूप में नहीं, बल्कि उसकी अच्छाइयों से सीख लेने की प्रेरणा दी गई है. इसमें रावण का वो दूसरा पहलू दिखाया गया है, जिसमें वह एक महान विद्वान और भगवान शंकर का महान भक्त नजर आता है.
मिलेगा रामायण का एक अद्भुत अनुभव
महानाट्य 'हमारे राम' भगवान राम पर आधारित है. लेकिन इसमें रावण की उन खूबियों को आशुतोष राणा ने बखूबी दर्शाने की कोशिश की है, जिसको ज्यादातर लोग जानते नहीं हैं. आयोजक मंडल के सदस्य पूर्व विधायक सुनील जैन बताते हैं, '' जिन्होंने रामायण देखी है और भगवान राम, माता सीता और रावण के किरदार के बारे में जानते हैं, उन्हें हमारे राम महानाट्य में रामायण को नए तरीके से देखने का अनुभव प्राप्त होगा. इसमें बताया गया है कि रावण काफी विद्वान व्यक्ति था और उसे बहुत ज्ञान था. इसे तैयार करने में आशुतोष राणा ने काफी मेहनत की है और रंगमंच के माध्यम से देश के 34 से ज्यादा शहरों में वह प्रस्तुति दे चुके हैं.'' पूर्व विधायक ने कहा, हमारे राम की ऑस्ट्रेलिया,न्यूजीलैंड और दुबई के अलावा कई शहरों में इसकी प्रस्तुति हो चुकी है.
मुंबई में 10 से 50 हजार तक थी टिकट, सागर में सबसे सस्ती
आयोजक मंडल के सदस्य पूर्व महापौर अभय दरे बताते हैं, '' अभी तक आशुतोष राणा ने 'हमारे राम' का मंचन देश के बड़े-बड़े शहरों में किया है, लेकिन आशुतोष राणा सागर को अपना गृहनगर मानते हैं इसलिए वह यहां यह शो करने आ रहे हैं. इस शो के सबसे सस्ते टिकट सागर में ही रखे गए हैं. यहां टिकट एक से 10 हजार रु तक के टिकट हैं. जबकि मुंबई में टिकट 10 से 50 हजार तक था. यह शो इतना अच्छा है कि जो लोग देख नहीं पाते हैं, वह पछतावा करते हैं. हमें इसको को एक बार देखना चाहिए। क्योंकि रावण को हमने हमेशा नकारात्मक रूप में देखा है. भगवान राम तो हमारे हैं ही, लेकिन रावण में भी कई खूबियां थीं, जिससे कुछ सीखा जा सकता है.''
सागर को गृहनगर मानते हैं आशुतोष राणा
आशुतोष राणा मूल रूप से मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा के रहने वाले हैं, लेकिन उन्होंने उच्च शिक्षा सागर के डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय से ग्रहण की थी. यहां के कला विभाग में उन्होंने कला और अभिनव की बारीकियां सीखीं और फिर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) में चयन के बाद अभिनय के क्षेत्र में मुड़कर नहीं देखा. सबसे पहले उन्होंने टेलीविजन में नाम कमाया और फिर एक से बढ़कर एक फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए.
यह भी पढ़ें-
- सागर में पारा पहुंचा 43 के पार, 4 दिन पहले ही 8वीं तक के स्कूलों को बंद करने का आदेश
- ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे देगा बुंदेलखंड-बघेलखंड को कनेक्टिविटी, सतना-सागर के बीच घटेगी घंटों की दूरी
इन दिनों आशुतोष राणा अपने महानाट्य 'हमारे राम' को लेकर चर्चा में है. वे अपनी 140 सदस्यों की टीम के साथ देश के करीब 34 शहरों मे हमारे राम का मंचन कर चुके हैं और अब सागर में 16 मई को पद्माकर सभागार में महानाट्य हमारे राम का मंचन करने जा रहे हैं.

