सागर में जाम का द एंड! मकरोनिया में बनेगा दो भुजाओं वाला फ्लाईओवर, स्पीड में दौड़ेंगे व्हीकल
चार भुजाओं की जगह बनेगा दो भुजाओं वाला फ्लाईओवर, खत्म होगी सागर शहर की सबसे बड़ी ट्रैफिक समस्या. कपिल तिवारी की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 31, 2026 at 12:52 PM IST
|Updated : August 31, 2026 at 12:57 PM IST
सागर: शहर के उपनगर मकरोनिया में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए चार भुजाओं वाले फ्लाईओवर का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया था. लेकिन तकनीकी दिक्कतों और जमीन अधिग्रहण को लेकर ये मामला फिलहाल ठंडे बस्ते में चला गया है और अब चार भुजाओं के फ्लाईओवर की जगह पर दो भुजा वाला फ्लाईओवर का प्रस्ताव भेजा गया है. जिसकी लंबाई करीब 2.2 किमी होगी.
सिविल लाइन मकरोनिया रोड से होते हुए बहेरिया रोड पर हरीसिंह गौर सेतु से जोड़े जाने का प्रस्ताव है. अगर ये प्रस्ताव मंजूर होता है, तो सागर में कानपुर, जबलपुर, रीवा और टीकमगढ़ तरफ से आने वाला ट्रैफिक और सागर शहर से इन शहरों के तरफ जाने वाला हैवी व्हीकल वाला ट्रैफिक फ्लाईओवर से गुजरेगा, जिससे मकरोनिया चौराहे पर हमेशा रहने वाली जाम की स्थिति से निजात मिलेगी.
NHAI को भेजा गया प्रपोजल
स्थानीय विधायक प्रदीप लारिया कहते हैं कि, ''ये बात सही है कि मकरोनिया में चार भुजाओं का फ्लाईओवर वहां की ट्रैफिक की समस्या को देखते हुए प्रस्ताव बनाया गया था. लेकिन कई कारणों से उसकी स्वीकृति नहीं मिली थी, तो अब उस प्रस्ताव को संशोधित प्रस्ताव एनएचएआई की सड़क पर बहेरिया या इसे बहेरिया से मकरोनिया तक कहें. क्योंकि यहां की ट्रैफिक की समस्या काफी बड़ी है.
इसलिए शंकरगढ़ से पैराडाइज होटल के पहले तक 2.2 किमी के फ्लाईओवर का प्रस्ताव पीडब्ल्यूडी के जरिए NHAI को भेजा गया है. इसकी डीपीआर तैयार हो रही है और डीपीआर तैयार होने के बाद स्वीकृत हो जाएगा. विगत दिनों जब केंद्रीय मंत्री गड़करी विदिशा आए थे, तब उनके सामने मुख्यमंत्री की मौजूदगी में हम लोगों ने बात रखी थी. उनका सकारात्मक दृष्टिकोण था, इसलिए निश्चित तौर पर फ्लाईओवर स्वीकृत होगा.''

- दिल्ली से 10 घंटे में मुंबई की दूरी, 160 की स्पीड से भागेगी ट्रेन, रतलाम में बन रहा फोरलेन रेलमार्ग
- त्योहार से तुरंत पहले रेलवे का बड़ा झटका, कई ट्रेनों को किया कैंसिल, इनके बदले रूट
- सिंहस्थ की राह आसान, रफ्तार में उज्जैन-जावरा फोरलेन, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ेगी महाकाल नगरी
सिविल लाइन रोड से बहेरिया रोड तक
मकरोनिया चौराहे पर यातायात दबाव कम करने और हर समय जाम की स्थिति से निजात पाने के लिए जो अब फ्लाईओवर का प्रस्ताव भेजा गया है. उसके तहत सिविल लाइन मकरोनिया रोड पर स्थित शंकरगढ़ से बहेरिया रोड पर बने हरीसिंह गौर सेतु के पहले जोड़ा जाएगा. इस तरह इसकी लंबाई करीब 2.2 किमी की होगी. इस फ्लाईओवरके निर्माण से शहर से कानपुर, टीकमगढ़, रीवा, जबलपुर तरफ जाने वाला ट्रैफिक निकल सकेगा, जिनमें ज्यादातर यात्री वाहन होते हैं.
वहीं इन शहरों से आने वाला ट्रैफिक भी फ्लाईओवर के सहारे शहर में प्रवेश करेगा और मकरोनिया चौराहे पर यातायात बाधित होने की समस्या खत्म हो जाएगी. दरअसल, पहले मकरोनिया चौराहे से चार भुजाओं वाले फ्लाईओवर के निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया था, जो नरसिंहपुर और झांसी रोड से भी कनेक्ट किया जाना था. लेकिन तकनीकी दिक्कतों और जमीन अधिग्रहण की परेशानियों के चलते ये प्रस्ताव परिवर्तित किया गया है और अब इसकी जगह पर दो भुजाओं वाले फ्लाईओवर का प्रस्ताव भेजा गया है.

