मध्य प्रदेश के दूसरे राज्यों से फासले होंगे कम, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और रिंग रोड बढ़ाएंगे कनेक्टिविटी
मध्य प्रदेश में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, फोरलेन और रिंग रोड बढ़ाएगा कनेक्टिविटी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बिछा दिया सड़कों का जाल.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 19, 2026 at 6:27 PM IST
सागर: वैसे तो मध्य प्रदेश में सागर एक ऐसा जिला है, जहां से देश का सबसे बड़ा नेशनल हाइवे 44 और कानपुर फोर-टू सिक्स लेन और कई बड़ी सडकें निकली है. अब सागर की रफ्तार को और पंख लगने वाले हैं, क्योंकि पिछले दिनों विदिशा के दौरे पर आए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सागर संसदीय क्षेत्र के लिए कई सड़कों की सौगात दी है, क्योंकि अब सागर को ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे के जरिए राजस्थान के कोटा से जोड़ा जा रहा है और दूसरी तरफ सिंरोज और बीना को फोरलेन से जोड़ा जाना प्रस्तावित है.
इसके अलावा ग्वालियर-नागपुर ग्रीनफील्ड कॉरिडोर में सिरोंज के लटेरी और कुरवाई को मिलाया जा रहा है. इसके अलावा बीना में रिंगरोड, बाॅयपास की सौगात भी केंद्रीय मंत्री ने दी है.

सागर संसदीय क्षेत्र के लिए सौगातें
17 जनवरी को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मध्य प्रदेश में कई सड़क परियोजनाओं के साथ सागर संसदीय क्षेत्र के लिए कई सौगातें दी है. सागर संसदीय क्षेत्र में विदिशा जिले की कुरवाई, सिरोंज और शमशाबाद विधानसभाएं आती है. इसके अलावा सागर की बीना, खुरई, सागर, सुरखी और नरयावली विधानसभा क्षेत्र इसका हिस्सा है. विदिशा पहुंचे केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सागर के लिए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे, फोरलेन, रिंगरोड और बाॅयपास जैसी सुविधाएं दी है. सागर संसदीय क्षेत्र के सिंरोज की लटेरी और कुरवाई ग्वालियर नागपुर ग्रीनफील्ड कॉरिडोर से जोड़े जाने का एलान किया है.
कोटा विदिशा सागर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे
सागर की बात करें, तो नेशनल हाइवे 44 के जरिए वैसे भी सागर देश के चारों कोनों से जुड़ा है. इसके बाद निर्माणाधीन सागर कानपुर फोर-टू सिक्सलेन सागर की रफ्तार में पंख लगाने वाली है. अब 16000 करोड़ की लागत से कोटा विदिशा सागर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे की सौगात केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पिछले दिनों विदिशा दौरे के दौरान दी है. बताया जा रहा है कि इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे सागर और कोटा के बीच की दूरी कम होगी और सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी.

इस एक्सप्रेस वे के बनने के बाद सागर और कोटा के बीच की दूरी 75 किमी कम हो जाएगी. फिलहाल ये दूरी करीब 405 किमी है. खास बात ये है कि ये ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे भोपाल-कानपुर, लखनऊ-कानपुर और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे को जोड़ेगा.
बीना के लिए रिंगरोड और फोरलेन की सौगात
इतना ही नहीं नितिन गडकरी ने विदिशा के सिरोंज से सागर के बीना तक फोरलेन सड़क के लिए भी मंजूरी दी है. ये फोरलेन सिंरोज से मेहुला, कुरवाई और बीना होते हुए बनेगी, जो करीब 70 किमी की होगी. इसके साथ ही बीना में लंबे समय से चली आ रही रिंगरोड और बाॅयपास की मांग को भी मंजूरी दी गयी है. इससे सफर तेज और आसान होगा. इसके अलावा सागर संसदीय क्षेत्र के सिंरोज के लटेरी और कुरवाई को ग्वालियर नागपुर ग्रीनफील्ड कॉरिडोर से जोडे़ जाने का एलान किया गया है.

- नितिन गडकरी ने खोला खजाना, मध्य प्रदेश की चमचमाती सड़कें रफ्तार को देगी मात
- फोरलेन होगा दिल्ली-मुंबई रेल रूट, 160KM की स्पीड से दौड़ेंगी राजधानी समेत 200 VIP ट्रेनें
सागर सांसद ने माना आभार
सागर संसदीय क्षेत्र की सांसद लता गुड्डु वानखेडे़ ने इन सौगातों पर पीएम नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि "सागर लोकसभा क्षेत्र को दी गयी सौगातों के लिए मैं क्षेत्र की जनता की तरफ आभार व्यक्त करती हूं. इन सड़क परियोजनाओं से हमारे क्षेत्र में कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी. रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और आर्थिक प्रगति को एक नई दिशा मिलेगी."

